Advertisement

थाना दिवस में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, सीओ ने सुनी समस्या

जमीन विवाद, अतिक्रमण व् शांति व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे ग्रामीण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से बोकारो जिला के हद में जरीडीह थाना परिसर में 13 अगस्त को थाना दिवस का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार जरीडीह के अंचल अधिकारी प्रणव ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित थाना दिवस में थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, एसआई एमजे मुर्मू समेत थाना के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। थाना दिवस में जरीडीह प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी पहुंचे और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
बताया जाता है कि ग्रामीणों ने यहां मुख्य रूप से जमीन विवाद, अतिक्रमण, आपसी विवाद, शांति व्यवस्था तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी।

इस अवसर पर सीओ ने कहा कि समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है। अंचल अधिकारी प्रणव ऋतुराज ने कहा कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनना और संबंधित विभागों के समन्वय से उनका त्वरित एवं उचित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध कार्य या विवाद की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उपस्थित जरीडीह थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो ने कहा कि थाना दिवस के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। शिकायतों की जांच कर नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।

बताया जाता है कि थाना दिवस के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। मौके पर पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *