Advertisement

उरीमारी ओसी कर्मी के आश्रित को दिया गया ₹ एक करोड़ का कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज

प्रहरी संवाददाता/रांची (झारखंड)। रामगढ़ जिला के हद में सीसीएल बरका-सयाल क्षेत्र के उरीमारी ओपन कास्ट (ओसी) परियोजना में कार्यरत कर्मी महेश साव के आश्रित को 13 अगस्त को रुपये एक करोड़ का सहयोग राशि के चेक सौंपा गया। यह राशि कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत दिया गया।

सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग के अनुसार उरीमारी ओपन कास्ट (ओसी) परियोजना में कार्यरत कर्मी महेश साव का बीते वर्ष 24 सितंबर 2025 को कार्य के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में निधन हो गया था। दिवंगत कर्मी की घोषित नामिनी एवं पत्नी सुनीता देवी को 13 अगस्त को कोल इंडिया लिमिटेड की कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (सीएसपी) योजना के अंतर्गत ₹1 करोड़ की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

यह सहायता राशि दिवंगत कर्मचारी के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। एक सादे समारोह में चेक प्रदान करने के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के रीजनल मैनेजर कुमार नीलोत्पल, सीसीएल मुख्यालय रांची के विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध) चीफ मैनेजर (टीम लीडर, सैलरी पैकेज) विकास कुमार पांडेय, चीफ मैनेजर (मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध) रूबी रंजन, चीफ मैनेजर (मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध) पुष्पक लाला, बरका-सयाल क्षेत्र के विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन एवं प्रशासन) अजय कुमार सहित सीसीएल एवं भारतीय स्टेट बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने दिवंगत महेश साव के असामयिक निधन को कंपनी के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर ₹1 करोड़ की सहायता राशि का चेक उनके आश्रित पत्नी सुनीता देवी को सौंपा गया। सुनीता देवी ने सीसीएल प्रबंधन एवं भारतीय स्टेट बैंक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त सहायता राशि उनके परिवार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस सहयोग को परिवार के लिए आर्थिक संबल प्रदान करने वाली एक सराहनीय एवं संवेदनशील पहल बताया।

इस अवसर पर सीसीएल प्रबंधन ने दिवंगत कर्मचारी के परिवार के प्रति अपनी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण, सुरक्षा एवं सामाजिक संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत प्राप्त यह सहायता ऐसे कठिन समय में कर्मचारी के परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *