Advertisement

मिथिला अकादमी में माइलस्टोन का समापन, 150 विद्यार्थी किए गये सम्मानित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल में डॉ राधाकृष्णन सहोदय कॉम्प्लेक्स बोकारो द्वारा आयोजित माइलस्टोन-2026 का भव्य समापन समारोह 6 अगस्त को आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र बोकारो के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा थे।

समारोह में सहोदय कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष एवं चिन्मय विद्यालय के प्राचार्य सूरज शर्मा, सचिव डीएवी झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी डॉ जी. एन. खान, उपाध्यक्ष विपुल कुमार सिंह व् आमिर हुसैन, संयुक्त सचिव बी. रीना ठाकुर, मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, सचिव दिलीप कुमार झा, प्राचार्य अमर प्रसाद, उप-प्राचार्य देव दुलाल मित्रा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने दुर्गा गान एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित जनों ने खूब सराहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा सभागार उत्साह से भर उठा। समारोह में विद्यालय के प्राचार्य अमर प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के लिए मिथिला अकादमी के चयन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने सहोदय बोकारो के इतिहास की जानकारी देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सभी विद्यालयों के सामूहिक प्रयास पर बल दिया।

मुख्य अतिथि आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि अलग-अलग उंगलियां जब एक साथ जुड़ती हैं तो मुट्ठी बन जाती हैं। उसी प्रकार टीम भावना से किया गया कार्य सफलता दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने तथा समय का सदुपयोग करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 150 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अंत में सहोदय कॉम्प्लेक्स के सचिव डॉ जी. एन. खान ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए मिथिला अकादमी, सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर बोकारो का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *