Advertisement

बाबा नगरिया दूर है जाना जरूर है, बम-बम भोले के उद्घोष से शिवमय पहलेजा धाम

मुजफ्फरपुर गरीबनाथ के लिए पहलेजा धाम में उमड़ा कांवरियों का सैलाब

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पवित्र श्रावण मास के द्वितीय शुक्रवार पावन अवसर पर 7 अगस्त की अलौकिक बेला साक्षी बनी एक अद्भुत शिव-उत्सव की। सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर की पावन धरा पहलेजा धाम भक्ति के अथाह समंदर में डूब गई।

इस अवसर पर बाबा नगरिया दूर है जाना जरूर है के गगनभेदी, रोम-रोम को शिवमय कर देने वाले जयकारों के बीच मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ धाम के लिए कांवरियों का विशाल, अनुशासित और ऊर्जा से ओत-प्रोत जत्था बोल बम के नारों के साथ रवाना हो गया।

हरिहरनाथ की इस पौराणिक नगरी से निकला यह अनुपम कांवरिया काफिला जब पहलेजा- हरिहरनाथ मुख्य मार्ग पर बढ़ा, तो ऐसा प्रतीत हुआ मानो वैकुंठ का शिवलोक धरती पर उतर आया हो। केसरिया वस्त्रों में लिपटे, कंधे पर कांवर लिए हर कदम पर हर-हर महादेव का उद्घोष करते शिवभक्तों का विहंगम दृश्य देखते ही बन रहा था।

बताया जाता है कि बोल बम यात्रा के शुभारंभ से पूर्व सभी कांवरियों ने सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। उस क्षण पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के दिव्य निनाद से गूंजायमान हो उठा। यहां कांवरियों की सेवा में कोई कमी न रहे, इसके लिए मार्ग में जगह-जगह भव्य सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहाँ शीतल पेयजल, फलाहार और विश्राम की उत्तम व्यवस्था की गई है। पहलेजा धाम स्थित पतित पावनी माँ गंगा मंदिर और मनोकामना पूर्ण करने वाले बाबा दूधेश्वर नाथ धाम में भी भक्तों का अनवरत तांता लगा रहा।

श्रावण की रिमझिम फुहारों और बीच-बीच में निकलती सुहानी धूप ने इस शिव यात्रा को और भी सुगम और मनोहारी बना दिया। हल्की वर्षा से गंगा माता मंदिर के समीप का परिसर कुछ नम अवश्य हुआ है, परंतु शिव के दीवानों के अटूट उत्साह और अगाध आस्था के आगे यह बाधा नगण्य साबित हुई।

इस अवसर पर पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित भव्य टेंट सिटी कांवरियों के लिए मुख्य विश्राम स्थल के रूप में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं डाक कांवर मार्ग, गंगा माता द्वार से लेकर पहलेजा थाना मुख्य मार्ग तक सजी-धजी दुकानों पर कांवरिये पूजन सामग्री और श्रृंगार का सामान खरीदते दिखे। इस दौरान सोनपुर अनुमंडल प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा। स्वास्थ्य विभाग की टीम, 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम और जगह-जगह तैनात पर्याप्त पुलिस बल कांवरियों की सेवा और सुरक्षा में तत्परता से जुटे हैं। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने हेतु पूरे हरिहरक्षेत्र के मेला क्षेत्र में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निरंतर निगरानी की जा रही है। रैन बसेरों से लेकर पूरे मेला परिसर तक आज केवल एक ही स्वर गूंज रहा है बम-बम भोले… बाबा गरीबनाथ की जय।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *