Advertisement

उपायुक्त ने किया कोविड टीकाकरण की समीक्षा बैठक

सिविल सर्जन एवं अन्य चिकित्सा पदाधिकारियों को दिया जरूरी दिशा निर्देश
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। गोपनीय कार्यालय कक्ष में 13 फरवरी की शाम बोकारो जिला उपायुक्त राजेश सिंह (Bokaro district deputy commissioner Rajesh Singh)  ने कोविड टीकाकरण को लेकर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की। बैठक में सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार पाठक, एसडीओ चास शशि प्रकाश सिंह समेत सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त सिंह ने सिविल सर्जन से प्रखंडवार टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के प्रदर्शन में सुधार की आवश्यकता है। योजनाबद्ध तरीके से इस पर सभी मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि सभी फ्रंट लाइन वर्करों एवं हेल्थ केयर वर्करों से अपील है कि वह अगले दो दिनों में अपना टीकाकरण करवाएं। संभवतः रविवार एवं सोमवार को चिन्हित टीकाकरण सत्र स्थल पर फ्रंट लाइन वर्कर एवं हेल्थ केयर वर्कर पहुंचे। इसको लेकर सभी जरूरी तैयारी करें। उपायुक्त राजेश सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को भी अपने स्तर से छूटे हुए हेल्थ वर्कर एवं फ्रंट लाइन वर्करों को टीका लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने ने कहा कि तीसरे चरण में बुर्जग लोगों को कोविड 19 वैक्सीन का टीका लगेगा। इसको लेकर अभी से तैयारी में स्वास्थ्य महकमा जुट जाएं। आवश्यकता अनुरूप अगर टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ानी हो तो प्रस्ताव तैयार कर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करें। ताकि टीकाकरण का निर्देश मिलने पर किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। उपायुक्त सिंह ने कोविड वैक्सीन टीकाकरण के डाटा अपलोड को अप टू डेट करने का निर्देश दिया। कहा कि इसमें किसी भी तरह की कोई चूक नहीं हो। सिविल सर्जन इसे सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक ने बताया कि जिले में सड़क दुघर्टना में घायल लोगों को त्वरित बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने को लेकर ट्रोमा सेंटर निर्माण के लिए जैनामोड़-बोकारो हाइवे पर भूमि चिन्हित कर लिया गया है। उपायुक्त ने आगे के कार्यों के निष्पादन का निर्देश दिया। कहा कि जल्द प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करें। समीक्षा बैठक के दौरान प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारीगण व अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *