एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा एवं संविधान दिवस के अवसर पर बोकारो जिला के हद में के. बी. कॉलेज बेरमो में 27 नवबर को भारतीय संविधान का सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक दर्शन विषय पर एकदिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। प्राचार्य लक्ष्मी नारायण के निर्देशन एवं प्रोफेसर इंचार्ज गोपाल प्रजापति की अध्यक्षता में उक्त आयोजन किया गया।
कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित सेमिनार में प्रोफेसर इंचार्ज सहित डॉ नीला पूर्णिमा तिर्की, डॉ वासुदेव प्रजापति आदि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सेमिनार की शुरुआत की गयी। उन्होंने भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ नीला पूर्णिमा तिर्की ने सेमिनार के विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता, राजनीतिक स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा की स्थापना का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने संविधान में निहित नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया।

जानकारी देते हुए केबी कॉलेज के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह मीडिया प्रभारी डॉ प्रभाकर कुमार ने बताया कि आयोजित सेमिनार में महाविद्यालय के कुल 11 विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। जिसमें मुख्य रूप से अद्विता सिंह, सानिया नसीम, नंदनी कुमारी, संध्या कुमारी, संजना कुमारी , करिना नाजमी, श्रुति सिंह, स्वाति कुमारी आदि ने भारतीय संविधान के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक दर्शन के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार और शोध निष्कर्ष प्रस्तुत किए। शोध-पत्रों की प्रस्तुति में अद्विता सिंह का पेपर सर्वश्रेष्ठ रहा, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।
![]()













Leave a Reply