Advertisement

संविधानिक मूल्यों को आत्मसात, जनसेवा व् राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का डीसी द्वारा संदेश

संविधान दिवस पर समाहरणालय सभागार में परिचर्चा एवं सामूहिक शपथ कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को बोकारो जिला समाहरणालय सभागार में परिचर्चा एवं सामूहिक शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका पर विचार साझा किए। कार्यक्रम में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया।

इस अवसर पर डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि हमारे देश ने स्वतंत्रता सहजता से प्राप्त नहीं की, बल्कि इसके लिए लंबा संघर्ष और अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश के सामने यह महत्वपूर्ण प्रश्न था कि हमारा राष्ट्र कैसा होगा और उसकी शासन व्यवस्था किन मूल्यों पर आधारित होगी। इसी दूरदर्शी सोच के साथ संविधान सभा का गठन हुआ और देश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों ने मिलकर भारत का संविधान तैयार किया।

उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में शब्दों का चयन बहुत सोच-समझकर किया गया है। इसमें सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और राजनीतिक न्याय की बात की गई है। स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक देशवासी को सामाजिक एवं आर्थिक न्याय प्राप्त हो और विकास का लाभ समाज के अंतिम जरूरतमंद तक पहुंचे।
डीसी ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक अथवा कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ने, राष्ट्र को दिशा देने और उसकी बुनियाद को मजबूत करने वाला सामूहिक संकल्प है। कहा कि जिस प्रकार विभिन्न धर्मों के पवित्र ग्रंथ आमजनों को जीवन की दिशा देते हैं, उसी प्रकार भारतीय संविधान पूरे देश को एकता, समानता और न्याय का मार्ग दिखाता है। उन्होंने देश है तो हम हैं की भावना को आत्मसात करने का संदेश देते हुए संस्कृत सूक्ति राष्ट्रार्थे स्वार्थं त्यजेत का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में निजी स्वार्थ का कोई महत्व नहीं होना चाहिए। प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि देश का प्रत्येक रहिवासी सुखी, समृद्ध और खुशहाल हो तथा विकास का लाभ अंतिम जरूरतमंद तक पहुंचे।

डीसी झा ने कहा कि संविधान में नागरिकों के मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी स्पष्ट उल्लेख है। अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान, पर्यावरण संरक्षण, महिलाओं के सम्मान तथा देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक देशवासी का दायित्व है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मियों को कहा कि हम सभी को संवैधानिक नैतिकता और विधि के शासन के दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए।

कार्य के दौरान चाहे कितना भी दबाव, सिफारिश या व्यक्तिगत आग्रह क्यों न आए, निर्णय हमेशा संविधान एवं कानून के अनुरूप ही होना चाहिए। कहा कि लाभुकों का चयन हो अथवा सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, हर परिस्थिति में पात्रता एवं नियमों का पालन करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि संविधान दिवस से लेकर 26 जनवरी 2027 तक जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में संविधान जागरूकता अभियान चलाया जाए।

इसके तहत वाद-विवाद, परिचर्चा, निबंध लेखन एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की पृष्ठभूमि, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं राज्य के नीति निदेशक तत्वों की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, वायसराय एवं गवर्नर जनरल की भूमिका, ब्रिटिश इंडिया एवं प्रिंसली स्टेट्स के बीच अंतर, रेडक्लिफ रेखा तथा संविधान में समय-समय पर हुए संशोधनों के बारे में भी जानकारी दी जानी चाहिए। इससे नई पीढ़ी संविधान के ऐतिहासिक महत्व के साथ उसके वर्तमान एवं भविष्य के परिप्रेक्ष्य को भी समझ सकेगी।

उन्होंने कहा कि भारत का मूल चरित्र विभिन्नताओं के बीच सामंजस्य स्थापित करना है। कहा कि हमारे बीच विचारों एवं मान्यताओं में भिन्नता हो सकती है, लेकिन राष्ट्रहित के विषय में सभी को एकजुट रहना चाहिए। भारत की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि संविधान दिवस पर आयोजित परिचर्चा में विभिन्न पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विचारों से संविधान के अनेक महत्वपूर्ण पहलू सामने आए। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल्यों को यदि हम अपने दैनिक जीवन एवं प्रशासनिक कार्यशैली में आत्मसात करें, तो बेहतर प्रशासन सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारों एवं कर्तव्यों के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों के कर्तव्य केवल राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रगान तक सीमित नहीं हैं। पर्यावरण की रक्षा करना, महिलाओं का सम्मान करना और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी हमारे कर्तव्यों का हिस्सा है। कहा कि प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रत्येक परिस्थिति में संवैधानिक नैतिकता और विधि के शासन के अनुरूप कार्य करना चाहिए। किसी भी प्रकार के दबाव या सिफारिश से प्रभावित हुए बिना नियमों के तहत पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। भारतीय संविधान को देश और उसके नागरिकों के बीच एक सामूहिक वचनबद्धता के रूप में देखना चाहिए।

इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित शब्दों के क्रम एवं उनके गहरे अर्थों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वी द पीपल ऑफ इंडिया भारतीय संविधान की सबसे महत्वपूर्ण भावना है। इसका अर्थ है कि संविधान किसी बाहरी शक्ति द्वारा देश को प्रदान नहीं किया गया, बल्कि देश के रहिवासियों ने अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से इसे स्वयं तैयार किया है। उन्होंने संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य तथा न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल्यों की व्याख्या करते हुए कहा कि प्रस्तावना में प्रत्येक शब्द का अपना महत्व है। सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देना, न्याय के माध्यम से स्वतंत्रता सुनिश्चित करना तथा स्वतंत्रता के साथ समानता और बंधुत्व की भावना विकसित करना संविधान की मूल सोच है।

परिचर्चा में जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम ने भी संविधान के मूल्यों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में देशवासियों की सहभागिता के महत्व पर अपने विचार साझा किए। अन्य वक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, राज्य के नीति निर्देशक तत्वों, सामाजिक एवं आर्थिक न्याय तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रकाश डाला। सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह ने कहा कि संविधान सभी को समानता, समान अवसर तथा देश एवं समाज की सेवा करने का अधिकार प्रदान करता है। इसकी खूबसूरती यही है कि यह किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान दृष्टि से देखने तथा उनके हितों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। कहा कि लोक सेवक के रूप में हमारा दायित्व है कि आमजनों को उनके अधिकारों एवं पात्रताओं के प्रति जागरूक करें।

मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, एडीएसएस सुचिता किरण, परियोजना पदाधिकारी माणिक प्रजापति, मरियम, गीता, रवि कुमार एवं अलंकार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान की विशेषता है कि यह विभिन्न धर्मों, जातियों, भाषाओं एवं संस्कृतियों वाले को एक समान मंच प्रदान करता है। महिलाओं को संविधान लागू होने के समय से ही समान मताधिकार दिया जाना भारतीय लोकतंत्र की महत्वपूर्ण विशेषता है।

परिचर्चा के दौरान संविधान में निहित नीति निर्देशक तत्वों, विशेषकर निःशुल्क विधिक सहायता जैसे प्रावधानों को अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर भी विचार व्यक्त किए गए, ताकि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गो को न्याय सुलभ हो सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना एवं उसमें निहित आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उपायुक्त ने सभी से संविधान को पढ़ने, समझने और उसके मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यों में उतारने की अपील की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *