प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड कार्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ का आयोजन किया गया। उक्त अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार संविधान दिवस के अवसर पर गोमिया प्रखंड मुख्यालय कार्यालय परिसर में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा अंचल अधिकारी (सीओ) की उपस्थिति में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत में बीडीओ महादेव कुमार महतो ने सभी को संविधान दिवस के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को हमारे देश का संविधान बनकर तैयार हुआ था और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। इसलिए हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर सभी ने भारतीय संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा संविधान के सम्मान एवं उसके मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
बीडीओ ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि हमारे देश की आत्मा है। संविधान ने ही हर नागरिक को समान अधिकार दिए हैं। हमें संविधान के आदर्शों को अपनाना चाहिए और एक सशक्त, समावेशी एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें। जनता की सेवा ही संविधान की सच्ची सेवा है। सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के अंतिम पायदान तक पहुंचाना ही संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों ने एक स्वर में प्रस्तावना का पाठ किया। कहा कि हम, भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए… पूरे परिसर में संविधान की प्रस्तावना गूंज उठी। मौके पर प्रखंड कार्यालय के सभी पदाधिकारी, कर्मचारी, पंचायत कर्मी एवं अन्य दर्जनों रहिवासी शामिल थे।
![]()













Leave a Reply