Advertisement

आमाद प्रतिष्ठान के 19 वर्ष पूरे, ‘आनंदोत्सव’ में सजेगी शास्त्रीय संगीत की महफिल

29 नवंबर को दादर के वीर सावरकर सभागार में होगा आयोजन, पद्मश्री अश्विनी भिड़े-देशपांडे सहित दिग्गज कलाकार देंगे प्रस्तुति

कार्यालय संवाददाता/मुंबई। भारतीय शास्त्रीय संगीत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित आमाद प्रतिष्ठान अपनी 19 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव ‘आनंदोत्सव – हैप्पीनेस फॉरएवर’ के रूप में मनाने जा रहा है। रविवार, 29 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे से दादर स्थित शिवाजी पार्क के वीर सावरकर सभागार में भव्य संगीत समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

समारोह में हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका एवं पद्मश्री सम्मानित अश्विनी भिड़े-देशपांडे, प्रख्यात तबला वादक पंडित योगेश सामसी और उस्ताद तौफीक कुरैशी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत तबला युगल प्रस्तुति से होगी, जिसमें पंडित सदानंद नैमपल्ली के शिष्य किरण पाटिल और सुशांत उल्लाल प्रस्तुति देंगे। इसके बाद योगेश सामसी और तौफीक कुरैशी की तबला-जेंबे जुगलबंदी भारतीय और अफ्रीकी तालवाद्य परंपराओं का अनूठा संगम पेश करेगी।

पंडित सदानंद नैमपल्ली का विशेष सम्मान समारोह का प्रमुख आकर्षण वरिष्ठ तबला वादक पंडित सदानंद नैमपल्ली का 80 वर्ष पूर्ण होने पर सम्मान होगा। भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके योगदान और नई पीढ़ी के कलाकारों को प्रशिक्षित करने के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उनके संगीत सफर पर विशेष दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति भी दिखाई जाएगी। कार्यक्रम का समापन अश्विनी भिड़े-देशपांडे की गायन प्रस्तुति से होगा।
फरवरी 2007 में स्थापित आमाद प्रतिष्ठान पिछले 19 वर्षों से शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देने के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क संगीत शिक्षा और आर्थिक सहायता भी प्रदान कर रहा है। एसवीसी को-ऑपरेटिव बैंक द्वारा प्रस्तुत इस आयोजन को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है। प्रवेश पास 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभागार में पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे।

Tegs: #Aamad Pratishthan marks 19 years; classical music soiree to be held as part of ‘Anandotsav’

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *