एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय सभागार में 7 अक्टूबर को जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों एवं लिए गए निर्णयों के आलोक में 107 मामलों के अनुपालन की विभागवार एवं क्रमवार समीक्षा की गई।
जानकारी के अनुसार दिशा की बैठक में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से प्रत्येक मामले में अब तक की गई कार्रवाई एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिशा की बैठक में जनहित एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने लंबित मामलों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिन मामलों में कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है, उनका स्पष्ट अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। वहीं, लंबित मामलों में अब तक की गई कार्रवाई, वर्तमान स्थिति तथा लंबित रहने के कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने पर जोर दिया।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पाया कि कुछ विभागों द्वारा अभी तक विस्तृत अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित नहीं किया गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि छूटे हुए सभी विभाग आगामी 10 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से विस्तृत अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करें। साथ ही, सभी विभाग अपने स्तर पर लंबित बिंदुओं की समीक्षा कर अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराएं, ताकि दिशा की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समेकित समीक्षा की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुपालन से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, एफओ संदीप शिंदे, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीसीएलआर पूर्णिमा कुमारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) मो. सफीक आलम, डीसीएलआर अनुराधा कुमारी, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply