एसआईआर को लेकर डीईओ-सह-डीसी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला समाहरणालय सभागार में 7 अक्टूबर को एसआईआर-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने जिले में चल रही एसआईआर प्रक्रिया, सुनवाई, एनॉमलीज के निराकरण तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस कांफ्रेंस में डीईओ-सह-डीसी ने कहा कि एसआईआर के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म की प्रक्रिया के बाद मुख्य रूप से मैपिंग नहीं होने अथवा मैपिंग में किसी प्रकार की विसंगति तथा एनॉमलीज से संबंधित मामले सामने आए हैं। इन मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनवाई की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनॉमलीज के मामलों को लेकर मतदाताओं में किसी प्रकार की भ्रांति नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता के मामले में उम्र में अंतर, मैपिंग संबंधी विसंगति अथवा अन्य एनॉमलीज प्रदर्शित हो रही है, तो मतदाता को दूसरे व्यक्ति के साथ उम्र के अंतर का प्रमाण देने की आवश्यकता नहीं है। जिस मतदाता का सत्यापन किया जा रहा है, उसके पहचान एवं पात्रता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज ही प्रस्तुत करने हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी मतदाता के पास मैट्रिक का प्रमाण-पत्र अथवा निर्धारित 11 दस्तावेजों में से कोई उपयुक्त दस्तावेज उपलब्ध है, तो वह संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर सकता है। कहा कि एक उपयुक्त दस्तावेज पर्याप्त होगा।
डीईओ-सह-डीसी ने बताया कि वर्ष 1987 के बाद जन्मे मतदाताओं के मामले में यदि मैपिंग में समस्या आ रही है, तो संबंधित मतदाता को अपने माता या पिता से संबंधित निर्धारित दस्तावेज भी उपलब्ध कराना होगा। माता-पिता का नाम प्रमाणित करने वाला उपलब्ध दस्तावेज प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम में मामूली अंतर, विवाह के बाद नाम/उपनाम में परिवर्तन अथवा इसी प्रकार की सामान्य विसंगतियों के कारण मतदाता परेशान नहीं हों। उपलब्ध प्रमाण के आधार पर संबंधित की पहचान स्थापित करने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत संबंधित मामलों में बीएलओ मतदाताओं के घर पहुंचेंगे। मतदाता आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं, जिसके बाद संबंधित दस्तावेजों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपलोड एवं अग्रेषित किया जाएगा। कहा कि सभी बीएलओ मतदाताओं को आवश्यक सहयोग एवं सही जानकारी उपलब्ध कराएंगे। किसी भी मतदाता से अनावश्यक अथवा अतिरिक्त दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी।
कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए आवाम 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा शिविर आयोजित किया जाएगा। यहां मतदाता एसआईआर से संबंधित अपने दस्तावेज, फॉर्म, मैपिंग, एनॉमलीज अथवा अन्य किसी समस्या के संबंध में सहायता प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा जिले में बनाए गए मतदाता सहायता केंद्र सह डिजिटाइजेशन सेंटर के माध्यम से भी मतदाताओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
डीईओ-सह-डीसी ने कहा कि अब इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। कहा कि ट्रांसजेंडर, वृद्धाश्रम में रहने वाले, अनाथालय में रहने वाले बच्चे तथा अन्य विशेष परिस्थितियों में रहने वाले मतदाताओं के लिए अलग से विशेष कैंप आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इन विशेष समूहों के लिए आगामी 12 से 16 अक्टूबर के बीच विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां उपलब्ध दस्तावेजों की जांच, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी एवं अपलोडिंग में सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों की जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह संबंधित एवं संस्थाओं से किया गया है, ताकि आवश्यकता के अनुसार विशेष कैंप आयोजित किए जा सके।
डीईओ-सह-डीसी ने बोकारो जिला के सभी मतदाताओं से अपील की कि एसआईआर को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति अथवा परेशानी होने पर वे हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को एसआईआर की प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित नहीं होना चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र मतदाता को पूरी जानकारी एवं आवश्यक सहयोग मिले।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में उत्कृष्ट एवं सफलतापूर्वक कार्य करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा। उनके अच्छे कार्य को जिला प्रशासन के सोशल मीडिया हैंडल एवं संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों के माध्यम से भी प्रचारित किया जाएगा। कहा कि वे स्वयं बीएलओ के कार्यों की नियमित जानकारी लेंगे तथा किसी बीएलओ को कार्य के दौरान कोई समस्या आती है, तो सीधे अपनी समस्या से अवगत करा सकते है। कहा कि मतदाताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करने अथवा निर्धारित प्रक्रिया के विपरीत कार्रवाई करने की शिकायत मिलने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत विभिन्न मीडिया समूह के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply