Advertisement

एमएमडीआर विधेयक के विरोध में गोमिया में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन

धरना-प्रदर्शन में झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद शामिल

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। झारखंड में खान एवं खनिज संशोधन विधेयक (एमएमडीआर) के विरोध में 19 सितंबर को बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद धरना शामिल थे।

जानकारी के अनुसार झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद गोमिया प्रखंड कार्यालय परिसर में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के विरोध में एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए। धरना प्रदर्शन में गोमिया प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से भारी संख्या में महिला पुरुष पहुंचे।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के जरिए केंद्र सरकार झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कहा कि झारखंड देश को खनिज संपदा देता है, इसलिए अपने संसाधनों पर पहला हक झारखंड की जनता का है। केंद्र सरकार का यह तुगलकी फरमान झारखंड के हितों के खिलाफ है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खनिज राजस्व राज्य की जन कल्याणकारी योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें कमी का सबसे सीधा और गंभीर असर गरीब, जरूरतमंद और विशेषकर महिलाओं पर पड़ेगा। मंईयां सम्मान, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अबुआ आवास जैसी योजनाओं से बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार जुड़े हैं। इन योजनाओं के संसाधन प्रभावित होने का असर सीधे उनके जीवन और परिवार की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा। कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि झारखंड के हक, अधिकार और संसाधनों की रक्षा की लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि झारखंड अपने जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा के अधिकार से कोई समझौता नहीं करेगा। केंद्र सरकार को राज्य के संसाधनों के साथ मनमानी बंद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंडवासी इस काले कानून को स्वीकार नहीं करेंगे। झामुमो इस तुगलकी फरमान के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ आवाज उठाता रहेगा और इस संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग जारी रखेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गोमिया बीडीओ को राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। मौके पर झामुमो विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, झामुमो गोमिया प्रखंड अध्यक्ष लूदू मांझी, मुखिया संघ के अध्यक्ष तेजलाल महतो, मुखिया शांति देवी, मुखिया बंटी उरांव, मुखिया अंशु कुमारी, मुखिया जुबेदा खातून, मुखिया रियाज अंसारी, मुखिया अनारकली, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, चंद्रदीप पासवान, प्रखंड कोषाध्यक्ष घनश्याम महतो, मुमताज आलम, संतोष साव, गणेश यादव, हेमू यादव, बद्री पासवान, यासमीन परवीन, ललिता दीपक रजक, विक्रम डे समेत काफी संख्या में रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *