प्रहरी संवाददाता/बोकारो थर्मल (बोकारो)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त की संध्या भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा बोकारो थर्मल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाला गया। तिरंगा यात्रा में दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता सहित स्थानीय रहिवासी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार तिरंगा यात्रा बोकारो थर्मल सेंट्रल मार्केट के समीप भाजपा कार्यालय से निकल कर बैंक ऑफ इंडिया, रेलवे स्टेशन, पोस्ट ऑफिस, रेलवे गेट, अस्पताल, डीवीसी हाई स्कूल मार्ग होते वापस भाजपा कार्यालय पहुंच कर समाप्त हो गया।
इस अवसर पर छिटपुट बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने यात्रा में भाग लेकर तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रवाद का संदेश दिया। यात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनने के बाद से हर स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर देश भर में हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान चलाया जाता है। इसी कड़ी में बोकारो थर्मल भाजपा द्वारा यह यात्रा निकाली गई।
तिरंगा यात्रा में डीवीसी ठेका मजदूर संघ के कार्यकर्ता, भाजपा बेरमो प्रखंड अध्यक्ष, युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सहित भाजपा महिला नेत्री आदि शामिल रहे। मौके पर पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि आम रहिवासियों के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का भाव जगाना ही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य था।
पूर्व भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता राष्ट्र और तिरंगे के प्रति समर्पित हैं। कहा कि यह यात्रा किसी संवैधानिक दबाव में नहीं, बल्कि स्वेच्छा से निकाली गई है। हम देशवासियों को यह संदेश देना चाहते हैं कि तिरंगे का सम्मान करना हर देशवासी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का तिरंगे और देश के प्रति अपार सम्मान है, इसी कारण पार्टी हर साल इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करती है।
तिरंगा यात्रा के दौरान शामिल जनसमूह हाथों में तिरंगा लेकर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति के नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने सभी देशवासियों, प्रदेशवासियों और बोकारो थर्मल के रहिवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दी।
![]()













Leave a Reply