रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जयंती के अवसर पर 13 अगस्त को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर मंडल में भव्य कलश बंधन यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। गाजे-बाजे के साथ निकली पैदल कलश यात्रा ने क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कलश यात्रा के दौरान गुरु रविदास महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता, भाईचारे और गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
गुरु रविदास के विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत-आनंद कुमार महतो
भाजपा खैराचातर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो ने इस अवसर पर कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं को आत्मसात कर समाज में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कलश यात्रा में शामिल सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में एकता की भावना मजबूत होती है।
गुरु रविदास की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी-अनीश जायसवाल
भाजपा खैराचातर मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल ने कहा कि संत रविदास महाराज ने जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता एवं समानता का संदेश दिया था। उनकी सिख आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी गुरु रविदास महाराज के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को गुरु रविदास महाराज के विचारों से प्रेरणा लेकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना चाहिए।
कलश यात्रा में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गाजे-बाजे और जयकारों के बीच यात्रा का भ्रमण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हो गया।
जानकारी के अनुसार हजारीबाग, धनबाद, बोकारो के खैरचातर मंडल में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का कलशबंधन यात्रा निकाली गयी, जिसमें सम्मिलित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने गाजे बाजे के साथ पैदल कलश यात्रा का भ्रमण किया।
यहां मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष आनन्द कुमार महतो, महामंत्री अनीश कुमार जयसवाल, एससी मोर्चा अध्यक्ष सुरेश कालिंदी, मीडिया प्रभारी अमूल्य कुमार डोम, रामचरण महतो, गौरव जायसवाल, हीरालाल स्वर्णकार, कमल दास, प्रफुल्ल कुमार महतो, उमेश तिवारी, संतोष नायक, उमेश नायक, महेश महतो, मनमोहन तिवारी, गजानंद महतो, यथार्थ जायसवाल, अनिल कालिंदी, बंधन कालिंदी, अरविंद कालिंदी, आशीष कालिंदी, मनोज कालिंदी आदि मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply