रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन एवं विभिन्न महत्वपूर्ण मानदंडों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए नावाडीह प्रखंड ने बोकारो जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने नावाडीह बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान मनरेगा बीपीओ राकेश कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
टीम भावना से मिली सफलता-बीपीओ राकेश कुमार
मनरेगा बीपीओ राकेश कुमार ने कहा कि नावाडीह प्रखंड को जिले में प्रथम स्थान मिलना पूरी टीम के लिए गौरव की बात है। कहा कि मनरेगा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों, रोजगार सेवकों, पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों ने मिलकर लगातार प्रयास किया। योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता, समयबद्धता और वित्तीय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।

उन्होंने कहा कि इस सम्मान से पूरी टीम का उत्साह बढ़ा है। भविष्य में भी मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का प्रयास जारी रहेगा।
नावाडीह प्रखंड को मनरेगा में जिले में प्रथम स्थान मिलने पर प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, उप प्रमुख हरिलाल महतो, मुखिया विश्वनाथ महतो, नरेश कुमार विश्वकर्मा, किरण देवी, गायत्री देवी, उमेश महतो, सांसद प्रतिनिधि जयलाल महतो, सुरेश महतो, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम हेंब्रम, आजसू प्रखंड अध्यक्ष मिश्रीलाल महतो, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष योधि महतो, जेएलकेएम प्रखंड अध्यक्ष देवनारायण महतो सहित अन्य दर्जनों गणमान्य जनों ने बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम एवं पूरी मनरेगा टीम को बधाई दी है।
यह सम्मान पूरे प्रखंड के लिए गौरव-बीडीओ
बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे नावाडीह प्रखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने मनरेगा से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रखंड को विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां दिलाने का प्रयास जारी रहेगा। कहा कि मनरेगा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, पारदर्शिता और ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में टीम भावना के साथ काम किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply