Advertisement

गिरफ्त में ऑनलाइन जुआ संचालित करनेवाले 3 आरोपी, मोबाइल व् नकदी बरामद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ में ऑनलाइन गेमिंग जुआ का संचालन कर भोले-भाले रहिवासियों को लालच देकर अवैध कमाई करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में जैनामोड़ रहिवासी 24 वर्षीय प्रलव कुमार सिंह, 26 वर्षीय सेंटी कुमार और 23 वर्षीय आनंद कुमार शामिल हैं।

जरिडीह पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी विभिन्न प्रतिबंधित ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा वेबसाइटों के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर जुआ संचालित करते थे। कहा गया कि आरोपियों द्वारा ग्राहकों को गेमिंग आइडी उपलब्ध कराकर उनसे लेनदेन और कमीशन के जरिए आर्थिक लाभ कमाया जाता था। कहा गया कि पुलिस अधीक्षक बोकारो को बीते 12 अगस्त को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चंद्र महतो के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। दल ने जैनामोड़ स्थित एक कमरे में छापेमारी कर तीनों आरोपितों को हिरासत में लिया गया। पुलिसिया पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ऑनलाइन जुआ संचालन की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मौके से तीन एंड्राइड मोबाइल, एक आइफोन, ₹10,100 नकद, चार डेबिट/पेमेंट कार्ड और ग्राहकों से संबंधित डाटा वाली दो नोटबुक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। ऑनलाइन जुआ संचालन से जुड़े अन्य आरोपियों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है। छापेमारी दल में जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चंद्र महतो के अलावा विकास कुमार विश्वकर्मा, संजीव कुमार, निर्मल कुमार सिंह, मथियस जॉन मुर्मू, हवलदार कुलदीप सिंह और हवलदार अनस्ता बा शामिल थे। बोकारो पुलिस ने आमजनों से ऑनलाइन जुआ, सट्टा और अवैध गेमिंग गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना नजदीकी थाना या डायल-112 पर देने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *