रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार की ओर से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, बैग एवं कॉपी का वितरण 11 अगस्त को बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरई में कार्यक्रम आयोजित कर किया गया। कार्यक्रम में बरई पंचायत के मुखिया विजय कुमार रवि एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि दीपू अग्रवाल की उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा एक एवं दो में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बीच निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। वहीं कक्षा एक से आठ तक अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क बैग एवं कॉपी प्रदान की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया विजय कुमार रवि ने कहा कि सरकार की ओर से विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन करने की अपील की।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि दीपू अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। सरकार द्वारा किताब, कॉपी और बैग जैसी आवश्यक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराने से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजना चाहिए।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शिव कुमार गोस्वामी ने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को सरकार की ओर से निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, बैग एवं कॉपी उपलब्ध कराए जाने से बच्चों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय आए और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे। सहायक शिक्षक गावस्कर ने कहा कि पाठ्य सामग्री मिलने से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की ओर से बच्चों को नियमित उपस्थिति और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए लगातार प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मियों ने भी बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। निःशुल्क बैग, कॉपी एवं पाठ्यपुस्तक प्राप्त कर छात्र-छात्राओं ने खुशी जाहिर की। बच्चों ने कहा कि नई पाठ्य सामग्री मिलने से वे अब और उत्साह के साथ पढ़ाई करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
![]()













Leave a Reply