द्वितीय राष्ट्रीय साहित्य उत्सव, पुस्तक मेला और ओपन टैलेंट हंट भी होगा आकर्षण
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में कला, साहित्य एवं संस्कृति को समर्पित संस्था बाबू शिवजी राय मेमोरियल लाइब्रेरी की बैठक में द्वितीय वैशाली साहित्य उत्सव की रूपरेखा तैयार की गई।
जानकारी के अनुसार संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष लेखक व पत्रकार सुरेन्द्र मानपुरी की अध्यक्षता में बीते 9 अगस्त की देर शाम संपन्न बैठक का संचालन उपाध्यक्ष घनश्याम कुमार दाहा ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष के उत्सव को वैशालीपन की गूंज के साथ राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
कहा गया कि सात दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन आगामी अक्टूबर-नवंबर माह में हाजीपुर के आम्रपाली नगर भवन, थाना चौक अथवा अक्षयवट राय स्टेडियम में किया जाएगा। उत्सव की प्रमुख विशेषताओं में सात कवि सम्मेलन: हिंदी, बज्जिका, उर्दू, भोजपुरी सहित विभिन्न भाषाओं में राष्ट्रीय स्तर के कविओं के कवि सम्मेलन और आमंत्रित साहित्यिक संस्थाओं की प्रस्तुतियां होंगी। जिसमें देश की प्रसिद्ध नाट्य टीमों द्वारा सात नाटकों का मंचन भी होगा।
इस अवसर पर साहित्यिक रचनाओं पर आधारित प्रस्तुतियों के लिए सात संगीत दलों को आमंत्रित किया जाएगा। युवाओं के लिए विशेष मंच, जहां कविता, गीत, नृत्य, भाषण, अभिनय और एंकरिंग की प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा और बाहर से आए विशिष्ट अतिथियों के साथ लाइव इंटरव्यू भी होंगे। पुस्तक मेला एवं स्मारिका: वैशाली जिला प्रशासन और राज्य सरकार के सहयोग से सात दिवसीय पुस्तक मेले के आयोजन की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इस अवसर पर 100 पृष्ठीय स्मारिका एवं पत्रिका का भी प्रकाशन किया जाएगा।

बैठक में संगठनात्मक दायित्वों का भी निर्धारण किया गया। जिसमें साहित्य सचिव डॉ अरुण कुमार ‘निराला’, संगीत सचिव गायिका विवेका चौधरी, रंगमंच सचिव रंगकर्मी प्रफुल्ल कुमार पप्पू, लोक संपर्क सचिव शिक्षक विमल किशोर राय, पाठक मंच सचिव सुधीर कुमार और प्रबंध निदेशक ज्ञानेश गौतम को मनोनीत किया गया। पूरे कार्यक्रम का संयोजक लाइब्रेरी के संस्थापक, रंगकर्मी, प्राध्यापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रो. कुमार वीर भूषण को बनाया गया। बैठक में उपाध्यक्ष डॉ नंदेश्वर प्रसाद सिंह, कवि आशुतोष सिंह, साहित्यकार विजय कुमार विनीत, विजय कुमार गुप्ता, डॉ महेंद्र प्रियदर्शी, हर्षवर्धन, सत्य प्रकाश सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार रखे।
![]()














Leave a Reply