अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पंचशील सामाजिक संस्था के तत्वावधान में वैशाली जिला के हद में नारायण वाटिका हाजीपुर में सावन हरियाली महोत्सव का भव्य और सांस्कृतिक आयोजन हर्षोल्लास के साथ 10 अगस्त को संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ-साथ आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की सचिव डॉ केकी कृष्ण, मुख्य अतिथि सुनैना सिंह और गीता क्याल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके पश्चात सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ विधिवत कार्यक्रम का आगाज हुआ। संस्था की सचिव डॉ केकी कृष्ण ने तिरंगे की गरिमा और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि हमारी स्वतंत्रता, त्याग, शौर्य और एकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक देशवासी से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने का आह्वान किया। सुनैना सिंह ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा और राष्ट्र का सम्मान दोनों ही हमारी अहम सामाजिक जिम्मेदारियां हैं।
महोत्सव के दौरान महिलाओं और अतिथियों ने सावन के पारंपरिक गीतों और नृत्यों से समां बांध दिया। सीता कुमारी द्वारा प्रस्तुत सावन पर आधारित कविता ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। रूबी सिंह, निशा क्याल, संगीता सरावगी, आरती सोनी, शैल कुमारी और अरुणा श्रीवास्तव ने अपने मधुर सामूहिक गायन से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। माया चौधरी ने स्वागत भाषण के जरिए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।

सांस्कृतिक उल्लास के इस अवसर पर संस्था का परिवार भी बढ़ा। अधिवक्ता सीमा सिंह और गीता दुबे ने औपचारिक रूप से पंचशील सामाजिक संस्था की सदस्यता ग्रहण की, जिनका उपस्थित सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ मीना सिंह, आरती सोनी, संगीता सोनी, सरोज मिश्रा सहित सभी गणमान्य अतिथियों और उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का दृढ़ संकल्प लिया। अंततः राष्ट्रगान के साथ इस भव्य आयोजन का समापन किया गया। इस अवसर पर माया चौधरी, रेखा जायसवाल, सिम्मी चौधरी, सीता कुमारी, आशा, कुमुद दुबे सहित संस्था के तमाम सदस्य और शहर के कई गणमान्य रहिवासी उपस्थित रहे।
![]()














Leave a Reply