Advertisement

हरिहरनाथ मंदिर में श्रावणी मेले की तैयारी तेज, विधि सचिव ने किया रुद्राभिषेक

न्यास समिति की बैठक में श्रावणी मेले में शिवभक्तों की सुरक्षा व् सुविधा के विशेष प्रबंध

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर के ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में आगामी श्रावण मास के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मंदिर न्यास समिति ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसे लेकर 26 जुलाई को न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

जानकारी के अनुसार न्यास समिति की बैठक में मंदिर के गर्भगृह में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शीतल पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कांवरियों और दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए आपातकालीन चिकित्सा और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने का निर्णय लिया गया। वहीं बैठक में कहा गया कि भीड़ प्रबंधन के लिए मंदिर के विशेष सेवादल को तैनात किया जाएगा, जो स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर भक्तों का मार्गदर्शन करेंगे।

मौके पर समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है। अतः आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समिति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक में समिति अध्यक्ष प्रमोद मुकेश, सह कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा, सदस्य चन्द्र भूषण तिवारी, कृष्णा प्रसाद, अर्चक सदानंद पांडेय, ब्रजेश कुमार सिंह ‘गुड्डू’, सेवादल के अभिषेक सिंह, शुभम, अनिकेत, पुटुश, आदित्य, अंकित सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

बिहार के विधि सचिव ने किया बाबा हरिहरनाथ का रुद्राभिषेक

एक अन्य जानकारी के अनुसार श्रावणी मेले की तैयारियों के बीच 26 जुलाई की सुबह बिहार सरकार के विधि सचिव-सह-विधि परामर्शी बलराम दूबे ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुँचकर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से भगवान का रुद्राभिषेक किया और राज्य की सुख-शांति एवं अमन-चैन के लिए कामना की।

इस अवसर पर मंदिर के मुख्य अर्चक सुशील शास्त्री और आचार्य सदानंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया। पूजन के उपरांत न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ ने विधि सचिव को अंगवस्त्र, बाबा का विशेष प्रसाद और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *