सामाजिक कार्यों के लिए 10 अवार्ड से अध्यक्षा मिनी स्टीफन कपूर सम्मानित
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। रोटरी क्लब ऑफ बोकारो मिडटाउन कपल्स ने रोटरी वर्ष 2026-27 के शुभारंभ पर अपना 13वाँ इंस्टॉलेशन समारोह संभव ट्रिनिटी पैलेस फोर लेन चास में आयोजित किया। समारोह का आयोजन रोटरी इंटरनेशनल की वर्ष 2026-27 की थीम क्रिएट लास्टिंग इम्पैक्ट (स्थायी प्रभाव का सृजन) को समर्पित रहा।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट (डीजीई) रोटेरियन मुकेश तनेजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं निदेशक मंडल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा अपने प्रेरणादायी संबोधन में सभी सदस्यों को सेवा, समर्पण और नवाचार के माध्यम से समाज में स्थायी सकारात्मक प्रभाव छोड़ने का आह्वान किया।
समारोह का शुभारंभ रोटेरियन अमीषा के स्वागत भाषण से किया गया, जिन्होंने सभी अतिथियों एवं रोटेरियनों का अभिनंदन किया। निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन मिनी स्टीफन कपूर ने अपने भावपूर्ण विदाई संबोधन में पूरे वर्ष क्लब द्वारा किए गए उल्लेखनीय सेवा कार्यों, सामाजिक परियोजनाओं एवं सदस्यों के सहयोग का स्मरण करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
बताया जाता है कि वर्ष 2025-26 के सचिव रोटेरियन मोहित अग्रवाल ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए क्लब की वर्षभर की उपलब्धियों, सेवा परियोजनाओं, जनहित कार्यक्रमों, फेलोशिप गतिविधियों तथा रोटरी की सार्वजनिक छवि को सशक्त बनाने वाले कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस वर्ष क्लब ने 70 से भी जयादा सामाजिक कार्य किये है।
रोटरी क्लब आफ बोकारो मिडटाउन कपल्स और अध्यक्षा मिनी स्टीफन कपूर को डिस्ट्रिक्ट अवार्ड कार्यक्रम में उनके सामाजिक कार्यों के लिए 10 अवार्ड से सम्मानित किया गया। समारोह में रोटेरियन मोहित अग्रवाल ने वर्ष 2026-27 के लिए क्लब के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। रोटेरियन शिव अग्रवाल ने सचिव तथा रोटेरियन अनुप अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। इस अवसर पर नवगठित निदेशक मंडल के सदस्यों का भी औपचारिक रूप से पदस्थापन किया गया।
अपने प्रथम अध्यक्षीय संबोधन में रोटेरियन मोहित अग्रवाल ने सभी सदस्यों का विश्वास एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए आगामी वर्ष के लिए क्लब की कार्य योजना साझा की। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के लिए प्रभावशाली सेवा परियोजनाओं, युवा सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सार्थक कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर रोटेरीयन साजन कपूर ने क्लब की इ स्मारिका का विमोचन किया और पिछले वर्ष के सभी समाजिक कार्यो, कार्यक्रमों, समारोहों और मेंबर्स के साथ मनाये गये उत्सव को दर्शाया। समारोह का प्रभावशाली संचालन रोटेरियन राहुल लांबा ने किया, जबकि रोटेरियन अनुप अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, आगंतुक रोटेरियनों, अतिथियों, प्रायोजकों एवं सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बोकारो, रोटरी क्लब ऑफ चास, रोटरी क्लब ऑफ पुरुलिया तथा रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के अनेक रोटेरियन एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। उनकी सहभागिता ने रोटरी की मित्रता, एकता एवं सेवा भावना को और अधिक सशक्त बनाया। कार्यक्रम के मेजबान रोटेरियन शिव एवं सीमा अग्रवाल, रोटेरियन अनुप एवं अमीषा अग्रवाल तथा रोटेरियन मोहित एवं साक्षी अग्रवाल रहे, जिन्होंने सभी अतिथियों के स्वागत एवं आतिथ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सौहार्दपूर्ण फेलोशिप एवं रात्रि भोज के साथ सम्पन्न इस समारोह ने रोटरी क्लब ऑफ बोकारो मिडटाउन कपल्स के लिए एक नई ऊर्जा, नए उत्साह और समाज सेवा के प्रति नई प्रतिबद्धता का संदेश दिया। कहा गया कि संभव केवल एक इंस्टॉलेशन समारोह नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सर्विस आवोभ सेल्फ की भावना के साथ समाज में स्थायी सकारात्मक प्रभाव छोड़ने के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बन गया है।
![]()













Leave a Reply