Advertisement

पीढ़ियों की बौद्धिकता के उन्नयन हेतु करें उत्कृष्टतम प्रदर्शन-डॉ अवनीश झा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड +2 शिक्षक संघ बोकारो के सचिव डॉ अवनीश कुमार झा ने राज्य के सभी कोटि के शिक्षकों से उत्कृष्टतम प्रदर्शन करने का आह्वान किया है।

डॉ झा ने 24 फरवरी को कहा कि शिक्षकों का जीवन तपस्वियों के समतुल्य होता है, जो ज्ञान, तप, बुद्धि, विद्या, विवेक एवं अनुशासन की बदौलत समाज में फैली कुरीतियों एवं दुर्भावनाओं को समाप्त करने की शक्ति रखते हैं।
डॉ झा ने कहा कि समाज में मोबाइल फोन के बढ़ते दुरुपयोग के बीच शिक्षकों से यह अपेक्षित है कि वे स्मार्टफोन के दुष्प्रभावों से अपने छात्र – छात्राओं एवं समाज को जागरूक करें। कहा कि शिक्षकों से हर प्रकार की अपेक्षाएं की जाती हैं, अतः वे इसके प्रति सजग रहें।

कहा कि एक तरफ जहां पाठ्यक्रम की पूर्णता अति आवश्यक है, वहीं दूसरी तरफ उसका पुनरीक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने समाज के हर प्रबुद्ध जनों से आग्रह किया है कि वे विद्यालय एवं शिक्षकों की मान – मर्यादा का विशेष ध्यान रखें। विद्यालय में अपने पाल्यों को समय से भेजना अभिभावकों का मुख्य कर्त्तव्य है। इसके साथ ही वे यह भी सुनिश्चित करें कि बच्चे खाली पेट विद्यालय न आएं तथा माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले अपने बच्चों के स्वास्थ्य को दृष्टिपथ में रखते हुए उन्हें स्वास्थ्यवर्धक अल्पाहार भी टिफिन बॉक्स में रखकर जरूर दें।

डॉ झा ने कहा कि शिक्षकों का समुचित सम्मान पूरे देश की चारित्रिक उन्नति के लिए बेहद जरूरी है। अतः इस हेतु सरकार, विभाग, समाज एवं आमजन समय – समय पर सकारात्मक पहल करते हुए शिक्षकों एवं उनके सकारात्मक प्रयत्नों को प्रोत्साहित करते रहें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *