रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम चुनाव के दौरान 23 फरवरी को उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिरा चास वार्ड संख्या 2 स्थित पोलिंग बूथ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जांच के दौरान कई पोलिंग एजेंट बिना पहचान पत्र के पाए गए।
बताया जाता है कि जांच के लिए पहुंचे चास बीडीओ सह नियुक्त आरओ प्रदीप कुमार ने लगभग 10 से 15 एजेंटों को बिना आईडी कार्ड के बूथ के अंदर बैठे पाया। उन्होंने तत्काल सभी एजेंटों को पहचान पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें बूथ से बाहर जाने को कहा गया।
आरओ के इस कार्रवाई से नाराज एजेंट भड़क गए और बीडीओ से उलझ पड़े। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर हाथापाई एवं नारेबाजी शुरू हो गई। कुछ प्रत्याशी समर्थकों ने पूरे बूथ को रद्द करने की मांग भी उठाई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए हालात सामान्य किए। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि चुनावी प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बोकारो जिला प्रशासन ने कहा है कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
![]()













Leave a Reply