Advertisement

मानस महायज्ञ को ले होली बाद सात मार्च को होगी कलश-यात्रा की शुरुआत

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के अंगवाली स्थित मैथानटुंगरी धर्म संस्थान में होली के तुरंत बाद श्रीरामचरित मानस महायज्ञ के आयोजन की तैयारी जोरो से की जा रही है।

यज्ञ आयोजन समिति की ओर से 23 फरवरी को जगत प्रहरी को बताया गया कि होली त्यौहार उपरांत आगामी 7 मार्च को कलश-यात्रा निकाली जाएगी एवं 8 मार्च को प्रातः से मानस पाठ प्रारंभ होगा। कहा गया कि इस रात को खोरठा भजन सम्राट हेमंत दुबे एवं टीम द्वारा रामायण के शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर चर्चा, भजन गायन झांकी के साथ प्रस्तुत की जाएगी।वहीं नौ से 16 मार्च तक नियमित रूप से रात्रि प्रवचन होगी।

बताया गया कि यज्ञ के अवसर पर नित्य प्रातः गिरिडीह के आचार्य अनिल पाठक व्यास ‘वाचस्पति’ द्वारा मानस पाठ एवं वाराणसी (यूपी) से पधारने वाले मानस मार्तंड अच्युतानंद पाठकजी महराज एवं मानस कोकिला नीलम शास्त्री सारगर्भित प्रवचन करेंगी। जबकि यज्ञ के संस्थापक गौरबाबा के नेतृत्व में समस्त अनुष्ठान सम्पन्न होंगे। मानस महायज्ञ के प्रचार, प्रसार में श्रद्धालु महिलाएं भी आगे आ रही हैं। आयोजन स्थल के समीपस्थ मुहल्ले की सीता देवी, बेबी देवी, लखिया देवी, सोनी देवी, निशा देवी, वर्षा कुमारी, खुशी देवी, मीना देवी सहित कई सक्रिय दिखी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *