रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मंदिरों में महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर 15 फरवरी की सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल और मिष्ठान अर्पित किया। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव” और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बताया जाता है कि महाशिवरात्रि को लेकर प्रखंड के प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। मंदिर परिसरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। कई स्थानों पर अखंड कीर्तन, भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। मंदिरों में पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की शांति के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की। कई गांवों में शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें भक्त शिव-पार्वती की झांकी के साथ नाचते-गाते आगे बढ़े।
इस अवसर पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिरों के आसपास साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय स्वयंसेवकों ने अहम भूमिका निभाई। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर कसमार प्रखंड पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर रात्रि जागरण किया और भगवान भोलेनाथ की आराधना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
![]()













Leave a Reply