Advertisement

परीक्षा केंद्र के बाहर मारपीट, सत्यापन करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला

मारपीट का आरोपी निमाई सिंह गिरफ्तार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के ग्राम सतनपुर स्थित पीएमश्री पंचानन प्लस टू उच्च विद्यालय के बाहर बीते 14 फरवरी को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बिजली का तार बदल रहे मजदूरों एवं वहां मौजूद साइट इंजीनियर के साथ एक युवक ने अचानक मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार घटना की सूचना परीक्षा ड्यूटी में तैनात सहायक अवर निरीक्षक मिथलेश दुबे ने दिवा गश्ती कर रहे सेक्टर बारह थाना के पुलिस अवर निरीक्षक कांति विलास अभिनाश को दूरभाष के माध्यम से दी। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर गश्ती दल तत्काल विद्यालय पहुंचा। मौके पर भीड़ जमा थी तथा मजदूर और साइट इंजीनियर भयभीत अवस्था में मिले।

स्थानीय रहिवासियों से पूछताछ में बताया गया कि निमाई सिंह नामक युवक घटना को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गया। बताया जाता है कि पुलिस टीम सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए जब आरोपी निमाई सिंह के घर पहुंची तो वह घर पर मौजूद मिला। पूछताछ के दौरान वह अचानक उत्तेजित और आक्रामक हो गया। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी उर्मिला देवी के साथ मिलकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसने पुलिस बल पर हमला कर दिया, जिसमें पुअनि कांति विलास अभिनाश घायल हो गए। घायल पदाधिकारी का इलाज सदर अस्पताल बोकारो में कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी निमाई सिंह को गिरफ्तार कर थाना ले आयी है। इस संबंध में सेक्टर-12 थाना में कांड क्रमांक 16/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 221, 132, 308(4), 352, 351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी निमाई सिंह, पिता स्व. जीतलाल सिंह, ग्राम सतनपुर धोबी टोला, थाना सेक्टर-12, जिला बोकारो का रहिवासी बताया जा रहा है। छापामारी दल में सेक्टर बारह थाना के पुअनि कांति विलास अभिनाश, सअनि मिथलेश दुबे, आरक्षी देवेश शुक्ला तथा गृहरक्षक चालक अजय कुमार यादव शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *