रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड साहित्य अकादमी स्थापना संघर्ष समिति द्वारा हिन्दी साहित्य, क्षेत्रीय व जनजातीय भाषा एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौथी बार प्रदेश के पुरोधाओं की स्मृति में स्मृति सम्मान देने की घोषणा की गयी है। इसमें कई जानेमाने चेहरों पर चर्चा है।
ज्ञात हो कि झारखंड साहित्य अकादमी स्थापना संघर्ष समिति के विगत पांच वर्षों के अथक प्रयासों के फलस्वरूप झारखंड सरकार ने प्रदेश में झारखंड राज्य साहित्य अकादमी, झारखंड राज्य संगीत नाटक अकादमी, झारखंड राज्य ललित कला अकादमी तथा झारखंड राज्य जनजातीय भाषा एवं साहित्य अकादमी के गठन करने का निर्णय लिया है। अतएव इस वर्ष संघर्ष समिति द्वारा प्रदेश- सरकार का आभार ज्ञापन समारोह भी आयोजित किया जा रहा है।
बताया जाता है कि इस वर्ष संघर्ष समिति द्वारा उन वरिष्ठ व विशिष्ट साहित्यकारों को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने उत्कृष्ट लेखन के साथ इस अभियान को गति देने में सक्रियता व सद्भावना प्रदर्शित किया है। सम्मानित होने वाले वरिष्ठ व विशिष्ट साहित्यकारों में बिरसा मुंडा शिखर सम्मान विद्याभूषण, रांची को समग्र साहित्यक अवदान के लिए, बिनोद बिहारी महतो स्मृति सम्मान डॉ बी .एन ओहदार, रामगढ़ को क्षेत्रीय भाषा साहित्य एवं संस्कृति-संवर्धन के लिए, दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति सम्मान डॉ महुआ माजी, रांची को साहित्य एवं राजनीति के लिए, राधाकृष्ण सम्मान जेब अख्तर, बोकारो जिला के हद में बेरमो को कथा साहित्य के लिए, डॉ रामदयाल मुंडा सम्मान सुशील कुमार, दुमका को हिन्दी कविता एवं पर्यावरण विषयक रचनाओं के लिए, बी.पी.केशरी सम्मान डॉ मिथलेश, रांची को आलोचना एवं संपादन के लिए, फादर कामिल बुल्के सम्मान कमल, रांची को कथा एवं अनुवाद के लिए, आदि।
भारत यायावर सम्मान अशोक सिंह, दुमका को समकालिन कविता के लिए, पद्मश्री गिरधारी राम गोंझू सम्मान डॉ शंकुतला मिश्रा, रांची को नागपुरी भाषा साहित्य के लिए, शिवनाथ प्रमाणिक सम्मान डॉ दिनेश दिनमणि, बोकारो को खोरठा भाषा साहित्य के लिए, रघुनाथ महतो सम्मान बसंत जमशेदपुरी, जमशेदपुर को नूतन काव्य रचना के लिए, कॉमरेड महेंद्र प्रसाद सिंह सम्मान रूपलाल बेदिया, धनबाद को उत्कृष्ट कथा तथा लेखन के लिए, श्रवण कुमार गोस्वामी सम्मान श्यामल बिहारी महतो, बोकारो को हिन्दी कहानी के लिए, रघुनाथ मूर्मू सम्मान श्याम सी. टूड्डू, सिंहभूम को संथाली भाषा साहित्य के लिए, रमणिका गुप्ता सम्मान सुषमा सिन्हा, धनबाद को हिन्दी कविता के लिए, डोमन साहु समीर सम्मान चंद्रिका ठाकुर देशदीप, हजारीबाग को हिन्दी एवं अंगिका भाषा साहित्य के लिए, सृष्टिधर महतो सम्मान डॉ वृन्दावन महतो, रांची को कुड़मालि भाषा साहित्य के लिए, जनार्दन गोस्वामी सम्मान डॉ उत्तम पियूष, देवघर को हिन्दी कविता के लिए, भाषा मित्र सम्मान राजेश पाठक, गोड्डा को कविता पुस्तक के लिए, सुशीला सामद सम्मान शारदा प्रसाद, रामगढ़ को हिन्दी भाषा साहित्य के लिए, जगन्नाथ महतो सम्मान डॉ पराग किशोर सिंह, बूण्डू रांची को पंचपरगनिया भाषा साहित्य के लिए और भाषा मित्र सम्मान डॉ कृष्णा गोप, हजारीबाग को झारखंडी भाषा संस्कृति के लिए चयनित किया गया है।
बताया गया कि भविष्य में प्रदेश की और भाषाओं को शामिल करते हुए इसका विस्तार भी किया जायेगा। उक्त सम्मानों के साहित्यकारों का चयन तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा किया गया है। इस बार समिति के अध्यक्ष शिरोमणि महतो, महा सचिव नीरज नीर के साथ उपाध्यक्ष विनोद कुमार राज विद्रोही हैं। झारखंड साहित्य अकादमी स्थापना संघर्ष समिति द्वारा सम्मान आगामी माह में झारखंड की राजधानी रांची में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर दिया जायेगा।
![]()













Leave a Reply