Advertisement

महाशिवरात्रि पर सोनपुर में शिव बारात शोभा यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी को सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहर नाथ मंदिर से दर्जनों घोड़े, ऊंट और बैंड बाजे- गाजे के साथ भगवान शिव की बारात व भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शोभा यात्रा का शुभारंभ मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चन्द्र शास्त्री, पवनजी शास्त्री, नंद बाबा सहित सभी पुजारियों व भक्तों के साथ हरिहनाथ मंदिर न्यास के पदाधिकारियों व सदस्यों की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर संध्या बेला में भगवान शिव की बारात, शोभा यात्रा और उसमें शामिल देवी – देवताओं की आकर्षक झाकियों को देखने व उसमें शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालु नर -नारियों का सैलाब उमड़ आया। शोभा यात्रा में रथ पर सवार दूल्हा वेशधारी भगवान शिव अपने रूप की अनुपम छटा बिखेरते हुए बारातियों के साथ आगे -आगे चल रहे थे।

झाकियों में शंकर-पार्वती, नंदी पर सवार भगवान शिव, भगवान विष्णु-लक्ष्मी, राधा- कृष्ण, दुर्गा, काली, राम- सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, राजा दशरथ, विश्वामित्र, हनुमान, गज -ग्राह, बाबा हरिहरनाथ, माता- पिता के साथ श्रवण कुमार आदि देवी- देवताओं की झाकियों के अलावा सामाजिक सौहार्द पर आधारित अनेक झाकियों ने श्रद्धालुओं को काफी प्रभावित किया और उनका मन मोह लिया।

इस अवसर पर शोभा यात्रा में शामिल भूत-प्रेत भी शोभा यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। वे सभी बाजे की धुन पर थिरकते दिखे। भगवान शिव की इस भव्य शोभा यात्रा को देखने के लिए सोनपुर -हाजीपुर मुख्य सड़क मार्ग के दोनों किनारे नगर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालु महिला- पुरुष और बच्चों का जन सैलाब उमड़ पड़ा था। श्रद्धालुओं ने जगह- जगह भगवान की आरती उतारी और बारातियों का जमकर स्वागत किया।

महाशिवरात्रि की शोभा यात्रा मंदिर से निकल कर सोनपुर के मीना बाजार, छत्रपति रोड, सिद्धनाथ चौक, चिड़ियां बाजार, नखास, गाय बाजार, रजिस्ट्री बाजार, सोनपुर स्टेशन गेट चौक, गोला बाजार, गौतम चौक तक गई। वापसी में शोभा यात्रा मेला ग्राउंड पहुंची जहां झांकी प्रतिभागियों व अन्य को सम्मानित किया गया।

शिव बारात शोभा यात्रा में इनकी रही उपस्थिति

महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा में विधि- व्यवस्था संधारण के लिए स्वयं एसडीओ, एसडीपीओ, सोनपुर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष, हरिहरनाथ थानाध्यक्ष और पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाल रखा था। बारातियों में स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय साह, सारण सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला, कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार, आयोजन समिति के राजीव मुनमुन, मुखिया दिनेश राय, पूर्व मुखिया धर्मेन्द्र राय, भाजपा नेता लालबाबू सिंह कुशवाहा, आशुतोष कुमार रितेश, नगर भाजपा अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू समेत हजारों श्रद्धालुगण शामिल थे।

विधायक ने की बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक

इस अवसर पर सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधिवत जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा हरिहरनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और क्षेत्र को सदैव खुशहाल रखें। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता वेदप्रकाश उपाध्याय भी मौजूद थे।

महाशिवरात्रि के संध्याकालीन बेला में श्रद्धालुओं द्वारा बाबा हरिहरनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया। भोले बाबा के शिवलिंग को दूल्हे की तरह श्रृंगार किया गया और उनका विवाहोत्सव मनाया गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु आरती में शामिल हुए और बाबा हरिहरनाथ के भव्य शृंगार का दर्शन किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *