मतदान दिवस का करें व्यापक प्रचार, डीडीसी को मिला जनसंपर्क विभाग का दायित्व
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड में होनेवाले निकाय चुनाव को लेकर बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 14 फरवरी को समाहरणालय स्थित गोपनीय कार्यालय कक्ष में मीडिया कोषांग की समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन से संबंधित प्रचार-प्रसार गतिविधियों, मीडिया समन्वय, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान डीईओ सह डीसी झा ने निर्देश दिया कि आगामी मतदान दिवस के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार – प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं तथा प्रथम बार मतदान करने वालों को लक्षित करते हुए जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।
बैठक में डीईओ सह डीसी ने जनसंपर्क विभाग के वरीय पदाधिकारी के रूप में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार को दायित्व सौंपा। वे मीडिया समन्वय, प्रेस विज्ञप्ति निर्गत करने, प्रचार सामग्री के अनुमोदन एवं सूचना के सुव्यवस्थित प्रसार की निगरानी करेंगी।

मौके पर डीईओ सह डीसी ने कहा कि सभी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्वाचन संबंधी सूचनाएं समय पर एवं सटीक रूप से आम जनता तक पहुंच सके। उन्होंने मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार को निर्देशित किया कि समाचार पत्रों, ईलेक्ट्रॉनिक चैनलों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री की नियमित निगरानी की जाए। इसके लिए टीम प्रतिनियुक्त करने को कहा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सतत मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है, ताकि आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का किसी भी स्तर पर उल्लंघन नहीं हो। यदि किसी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या नियम विरुद्ध सामग्री सामने आती है, तो तत्काल संबंधित प्राधिकार को सूचित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीईओ सह डीसी ने कहा कि मीडिया कोषांग निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को सजग, सक्रिय एवं उत्तरदायी रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सभी को समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में मीडिया कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, मीडिया कोषांग के सहयोगी पदाधिकारी सह सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply