Advertisement

पिलपिलो में पुलिस-पब्लिक मैत्री सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन

सारूबेड़ा टीम बनी विजेता, आतिशबाजी के बीच डीसी-एसपी द्वारा पुरस्कार वितरण

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड ऊपरघाट के तारकेश्वर महतो स्टेडियम पिलपिलो में आयोजित तीन दिवसीय पुलिस – पब्लिक मैत्री सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन 13 फरवरी को किया गया। फाइनल मुकाबला शाहाबेरिया एवं सारूबेड़ा टीम के बीच खेला गया, जिसमें सारूबेड़ा टीम विजेता रही।

समापन के अवसर पर आतिशबाजी के बीच जिला उपायुक्त (डीसी) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) द्वारा विजेता एवं उप विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं जुड़ाव को मजबूत करना विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ समाज और पुलिस के रिश्तों को सशक्त बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों का समान महत्व है। हार भविष्य की जीत की नींव रखती है, जबकि विजेता टीम को सदैव विनम्रता बनाए रखनी चाहिए। कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभागी बनना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
मौके पर ग्रामीणों की मांग पर डीसी ने स्टेडियम में सोलर लाइट अधिष्ठापन हेतु अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुवा को प्रस्ताव तैयार कर जिला को समर्पित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिष्ठापन की दिशा में जल्द पहल की बात कही।

प्रतियोगिता के दौरान सीआरपीएफ इकाई द्वारा आयोजित मेडिकल कैंप ने कार्यक्रम को मानवीय संवेदना से जोड़ दिया। स्थानीय रहिवासियों ने स्वास्थ्य जांच कराकर दवाइयों का लाभ उठाया, जिससे उन्हें राहत मिली। डीसी व् एसपी ने मेडीकल कैंप का निरीक्षण कर दवाइयों की जानकारी ली। साथ हीं स्थानीय ग्रामीणों से संवाद की।

मौके पर डीसी झा ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को हम आपकी सुनते हैं कार्यक्रम जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। साथ ही, प्रत्येक शनिवार को जिला स्तरीय पदाधिकारी विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। पूरा प्रशासन आमजनों की सहूलियत को लेकर काम कर रहा है।

समापन समारोह के अवसर पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच दूरी कम करना तथा आपसी विश्वास को सुदृढ़ करना था। उन्होंने कहा कि कभी अति नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र में आज पुलिस और आमजन एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले रहे हैं, जो सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

एसपी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विभागों द्वारा सरकारी सेवाओं को आमजनों के द्वार तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस भी इसी उद्देश्य के साथ कार्य कर रही है कि जनता के बीच विश्वास और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हो। उन्होंने खेल भावना पर बल देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम वर्क और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। अंत में उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले तमाम रहिवासियों को साधुवाद दी।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, सीआरपीएफ 154 बटालियन के समादेष्टा सुनील दत्त त्रिपाठी, सेकेंड इन कमांड अविनव आनंद, एसडीपीओ बेरमो बी.एन. सिंह, नावाडीह बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम, पुलिस निरीक्षक बेरमो नवल किशोर सिंह, सर्जेंट मेजर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी, काफी संख्या में ग्रामीण खेल प्रेमी आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *