Advertisement

चास नगर निगम चुनाव में विनोद कुमार के पक्ष में संजू देवी का जनसंपर्क अभियान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 2, 3, 6, 20 और 21 में महापौर पद के प्रत्याशी बिनोद कुमार की धर्मपत्नी संजू देवी ने 13 फरवरी को महिला समर्थकों के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया।

बताया जाता है कि डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने संजू देवी का गर्मजोशी से स्वागत किया और अपनी समस्याओं व सुझावों से अवगत कराया।
अभियान के क्रम में संजू देवी ने उपरोक्त वार्डो के घर-घर जाकर रहिवासियों से संवाद किया और नगर निगम क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा की। क्षेत्र के कई रहिवासियों ने सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।

मौके पर प्रत्याशी पत्नी संजू देवी ने कहा कि क्षेत्रवासियों से उन्हें सकारात्मक प्रतिक्रिया और समर्थन मिल रहा है, जो उनके लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता अवसर देती है तो पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ कार्य करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी बिनोद कुमार पिछले पांच वर्षों से सुख-दुख में स्थानीय रहिवासियों के साथ खड़े रहे हैं और समस्याओं के समाधान का प्रयास करते आए हैं, जिसका समर्थन अब क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। जनसंपर्क के दौरान समर्थकों और स्थानीय रहिवासियों की सक्रिय उपस्थिति से क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी बढ़ती नजर आई। उक्त अभियान आचार संहिता के दायरे में संचालित किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *