रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। शिक्षार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित डीएवी सेक्टर चार बोकारो में सत्र 2025–26 के पाठ्य सहगामी क्रियाकलापों का समापन समारोह उत्साह और उल्लास के वातावरण में 13 फरवरी को आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पूरे सत्र में विद्यार्थियों की रचनात्मक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, समय प्रबंधन, अनुशासन, लेखन कौशल, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
वहीं विद्यालय परिसर में एकल नृत्य, समाचार वाचन, कैलीग्राफी, चित्र देखकर कहानी लेखन, कार्ड मेकिंग, कविता पाठ, क्विज, आशु भाषण, एग्जीबिशन और वार्षिक खेलकूद जैसे आयोजनों के माध्यम से अधिकतम विद्यार्थियों को मंच प्रदान किया गया। समापन समारोह में 400 से अधिक विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बताया जाता है कि डीएवी सेक्टर चार के हाउस परिणाम में कक्षा 3 से 7 तक विवेकानंद हाउस विजेता बना, जबकि दयानंद हाउस प्रथम उप विजेता और विरजानंद हाउस द्वितीय उप विजेता रहा।
कक्षा 8 से 12 में भी विवेकानंद हाउस विजेता रहा। क्लब एग्जीबिशन में होम साइंस क्लब प्रथम, आर्ट क्लब द्वितीय और गणित-विज्ञान क्लब तृतीय स्थान पर रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एस.के. मिश्रा ने कहा कि जीत से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता है। अंत में सभी के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया।
![]()













Leave a Reply