Advertisement

सेवा का अधिकार सप्ताह आवेदन निष्पादन में टॉप-थ्री पर बोकारो

जन भागीदारी और त्वरित सेवा निस्तारण ने बनाया अभियान को सफल

नोडल पदाधिकारी प्रधान सचिव ने सफल आयोजन को लेकर पूरी टीम को दी बधाई

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आपकी योजना – आपकी सरकार – आपके द्वार सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत बोकारो जिले में सात दिवसीय विशेष अभियान का प्रभावी आयोजन किया गया। जन सहभागिता, पारदर्शी व्यवस्था और व्यापक सेवा वितरण के आधार पर आवेदन निष्पादन में बीते 27 नवंबर को बोकारो राज्य के शीर्ष तीन जिलों में शामिल रहा। अभियान के दौरान विभिन्न पंचायतों में लगाए गए शिविरों में भारी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और त्वरित सेवाओं का लाभ उठाया।

बोकारो जिला के नोडल पदाधिकारी एवं सड़क निर्माण विभाग (आरसीडी) के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने 28 नवंबर को वीडियो संवाद (वीसी) के माध्यम से अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बोकारो जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यवस्थित प्रयासों को सराहा और सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी। वहीं बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने भी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए प्राप्त आवेदनों को क्रमवार, विधि सम्मत और समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान न केवल सेवाओं को जन-द्वार तक पहुंचाता है, बल्कि शासन के प्रति विश्वास और पारदर्शिता को भी बढ़ाता है।

अभियान के सातवें और अंतिम दिन जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित शिविरों में लाभुको की उल्लेखनीय भीड़ देखने को मिली। दर्जनों विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीण रहिवासी अपनी समस्या लेकर पहुंचे और मौके पर ही समाधान प्राप्त कर संतुष्ट दिखे। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि शिविरों के माध्यम से वे ऐसी सेवा और योजनाएं प्राप्त कर रहे हैं, जिनके लिए पहले कई दिनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। सेवा का अधिकार सप्ताह ने प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ज्ञात हो कि अभियान के दौरान जिले के वरीय नोडल पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों के शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेवा वितरण, स्टॉल प्रबंधन, तकनीकी सहायता और लाभुकों की समस्याओं के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। निरीक्षण करने वाले अधिकारियों में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर निदेशक मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एनडीसी प्रभाष दत्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुवा, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालको, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा तथा जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. शफीक आलम शामिल थे।

उपरोक्त पदाधिकारियों ने विभागवार उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा की और सुनिश्चित किया कि प्रत्येक लाभुक को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता मिले। इस दौरान प्रशासन ने शिविरों के सुचारू संचालन के लिए विशेष प्रबंध किया था। पंचायत परिसरों में हेल्प डेस्क, पेयजल व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था, पुलिस सहायता केंद्र, मीडिया सेंटर, तकनीकी सहयोग उपलब्ध था। इन व्यवस्थाओं ने लाभुकों को निर्बाध सेवा प्राप्त करने में सहायता की।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार अभियान ने सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाया है। अभियान के दौरान सभी विभागों में प्राप्त आवेदनों की बड़ी संख्या से स्पष्ट है कि जिलावासियों में सेवा अधिकार को लेकर जागरूकता बढ़ी है। शिविरों में आय, आवासीय, जाति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और विभिन्न प्रमाण-पत्रों की मांग सबसे अधिक रही। प्रशासन का दावा है कि अधिकांश आवेदन तुरंत या निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित कर दिए जाएंगे।
बोकारो में इस अभियान की सफलता ने जिले को राज्य में बेहतर प्रशासनिक कार्य संस्कृति का उदाहरण बनाकर पेश किया है। जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वारा सेवा का अधिकार सप्ताह बोकारो जिले के लिए अत्यंत सफल रहा।

आवेदन निष्पादन में राज्य के शीर्ष तीन जिलों में बोकारो का शामिल होना साबित करता है कि सुव्यवस्थित प्रबंधन, जन सहभागिता और प्रशासनिक प्रतिबद्धता किसी भी अभियान को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। जिले में ग्रामीणों द्वारा व्यक्त संतुष्टि और अधिकारियों द्वारा की गई प्रशंसा यह दर्शाती है कि बोकारो राज्य में बेहतर सेवा वितरण का केंद्र बनकर उभर रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *