चिराग पासवान पर एनडीए प्रत्याशी को जिताने की जवाबदेही
गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिले में कुल आठ विधानसभा क्षेत्र में से राघोपुर, हाजीपुर, महनार, राजापाकर, महुआ और लालगंज विधानसभा क्षेत्र हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वर्तमान में हाजीपुर लोकसभा के सदस्य लोक जनशक्ति पार्टी के सुप्रीमो चिराग पासवान है।
वैशाली जिले की राजनीति पर चिराग पासवान के पिता पुर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की अच्छी पकड़ रहती आई और यहां से भी लगातार सांसद और केंद्र में मंत्री बनते रहे। पिछले लोकसभा चुनाव में हाजीपुर से रामविलास पासवान के भाई पशुपति कुमार पारस हाजीपुर से लोकसभा सदस्य चुने गए और केंद्र में मंत्री बने, लेकिन गत विधानसभा चुनाव 2020 के समय रामविलास पासवान की मृत्यु के बाद चिराग पासवान का अपने चाचा के साथ विवाद होने पर अपना अलग दल बनाया।
गत 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान के पार्टी की ओर से जदयू के जहां-जहां जिस क्षेत्र से प्रत्याशी थे, वहां अपना प्रत्याशी खड़ा किया। गत विधानसभा चुनाव में चिराग की पार्टी को एकमात्र सीट मटिहानी पर विजय प्राप्त हुई, लेकिन जदयू के उम्मीदवार को हराने में अधिकांश सीटों पर इनको कामयाबी मिली। जिस वजह से नीतीश कुमार और चिराग पासवान के बीच दूरी बढ़ गई। लेकिन गत लोकसभा चुनाव में चिराग पासवान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में हाजीपुर लोकसभा से और वर्तमान में वे केंद्र में मंत्री हैं।
वैशाली जिले के आठ विधानसभा क्षेत्र में से मात्र महुआ विधानसभा क्षेत्र पर से चिराग पासवान का अपना प्रत्याशी है। महनार, राजापाकर व् वैशाली से जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पिछली बार चिराग पासवान के अलग चुनाव लड़ने की वजह से महनार, राजापाकर और महुआ विधानसभा क्षेत्र के ज्यादा उम्मीदवार चुनाव हार गए, लेकिन इस बार इन क्षेत्रों से महुआ को छोड़कर जदयू के उम्मीदवार हैं।

गत लोक सभा चुनाव में हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के लालगंज, महुआ, राजापाकर और महनार में चिराग को काफी मतों से बढ़त मिली। वह मात्र राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से पिछड़ गए, जिस वजह से चिराग महनार, राघोपुर, महुआ, राजापाकर, लालगंज और हाजीपुर क्षेत्र से खड़े एनडीए प्रत्याशियों को जीताने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। बीते 30 अक्टूबर को चिराग पासवान ने महनार विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी सभा और रोड शो कर जनता से महनार विधानसभा क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी उमेश कुशवाहा को जिताने की अपील की। साथ ही चिराग ने राजापाकर विधानसभा क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी के पक्ष में सभा और रोड शो किया। उन्होंने यहां के मतदाताओं से जदयू प्रत्याशी महेंद्र राम को विजय बनाने की अपील की।
विदित हो कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में राजापाकर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रतिमा दास लगभग 1700 मतों से विजयी हुई थी, जबकि महनार विधानसभा क्षेत्र से राजद के प्रत्याशी के रूप में राम सिंह की पत्नी बीणा सिंह विजयी हुई थी। लालगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के प्रचार को लेकर अभी चिराग असमंजस में है, क्योंकि गत चुनाव में लालगंज विधानसभा से इनको 50000 से अधिक मत से बढ़त प्राप्त हुई थी, लेकिन इस बार वर्तमान चुनाव में राजद से भूमिहार प्रत्याशी शिवानी शुक्ला के साथ चले गए हैं। आम जनों में संशय है कि यदि चिराग पासवान लालगंज विधानसभा में चुनाव प्रचार में जाते हैं तो उनके समर्थक नाराज हो सकते हैं। जिससे उनको लोकसभा चुनाव में कठिनाई हो सकती है। लेकिन गठबंधन धर्म का पालन करने हेतु चिराग पासवान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे और एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
राजापाकर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी महेंद्र राम के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे हाजीपुर के सांसद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर जो बयान दिया, इस मर्द से अच्छा तो इंदिरा थी वह बेहद आपत्तिजनक और मर्यादाहीन है। चिराग ने कहा, कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल यह दिखाता है कि नेता प्रतिपक्ष (लोकसभा) ने राजनीति में शब्दों की मर्यादा पूरी तरह खो दी है। कहा कि प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत प्रहार करने के अलावा उनके पास अब कुछ नहीं बचा है।
केंद्रीय मंत्री चिराग ने कहा कि जब से बिहार में डबल इंजन की सरकार बनी है, प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार बिहार का दौरा किया है और लाखों करोड़ की परियोजनाओं को राज्य को समर्पित किया है। चिराग ने कहा कि, राहुल गांधी बार-बार शब्दों की मर्यादा भूलकर प्रधानमंत्री पर हमला करते हैं। पहले उन्होंने चौकीदार चोर है कहा था, जिससे बिहार के पासवान समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची थी। अब एक बार फिर वे मर्यादा से नीचे गिरकर बोल रहे हैं। बिहार की जनता इसका जवाब जरूर देगी।
तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि राघोपुर जो तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है, वहां अब तक उनकी कोई चुनावी जनसभा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इनका आपस में ही सर फूटा हुआ है। जब हम सब अपना प्रचार कर चुके थे, तब जाकर इनका चुनाव प्रचार शुरू हुआ। हमने तो एनडीए में पहले ही सीट बंटवारा फ्रेंडली तरीके से कर लिया था, लेकिन महागठबंधन में अब भी गड़बड़ी है। चिराग ने कहा कि जब तेजस्वी विधायक थे, तब भी वे राघोपुर के रहिवासियों से मिलने कितनी बार आए? आज भी वही स्थिति है। चिराग पासवान की इस जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। उनके भाषण के बाद एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश देखने को मिला।
![]()













Leave a Reply