Advertisement

सोनपुर मंडल में लाल गाड़ी टिकट जांच अभियान से रेल राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि

अबतक वसूला गया 5,88,885/- रुपये का जुर्माना

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे लाल गाड़ी अभियान अब प्रतिदिन चलेगा। विगत 2 मई , 7 मई, 9 मई, 14 मई एवं 20 मई को टिकट जांच के माध्यम से अब तक कुल 1,348 मामलों में विभिन्न प्रकार के टिकटिंग अनियमितताओं की जांच कर 5,88,885 रुपये का रेल राजस्व यात्रियों से जुर्माना स्वरूप अर्जित किया गया है।
जानकारी के अनुसार सोनपुर मंडल द्वारा अब इसे प्रतिदिन चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे जांच कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके एवं बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाई जा सके।

बीते 20 मई को सोनपुर रेल मंडल के मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेल खंड में विशेष अभियान के तहत 245 मामलों में जांच कर 1,33,090 रुपये की जूर्मना राशि प्राप्त की गई। सोनपुर मंडल के पीआरआई राम प्रताप सिंह ने 21 मई को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि लाल गाड़ी अभियान एक विशेष प्रकार की रेल कोच गाड़ी है। इसमें दो सामान्य श्रेणी के दो रेल कोच होते है, जिनमें एक कोच की 100 सीटों की क्षमता होती है। लाल गाड़ी के अंदर पीने का पानी, शौचालय की व्यवस्था भी होती है।

जिसे रेलवे द्वारा विशेष चेकिंग अभियानों के लिए प्रयोग में लाया जाता है। इसके माध्यम से ट्रेनों, स्टेशनों, हॉल्टों एवं अन्य संबंधित स्थानों पर टिकट जांच की जाती है।जहां मेल/एक्सप्रेस, शताब्दी, अन्य ट्रेनें नहीं रुकती है वहां भी इस लाल गाड़ी के माध्यम से जाकर जांच/निरीक्षण किया जाता है।

बताया कि इस अभियान में टीटीई, वाणिज्य निरीक्षक, आरपीएफ सहित संबंधित अधिकारी मिलकर संयुक्त रूप से टिकट जांच की कार्रवाई करते हैं। उन्होंने बताया कि लाल गाड़ी में पकड़े गए अनियमित यात्रियों को पकड़ कर उन्हें मजिस्ट्रेट के पास ले जाया जाता है। उनके ऊपर रेलवे नियमानुसार दंड निर्धारित कर आवश्यक की राशि लिया जाता है। राशि का भुगतान नहीं करने पर अन्य निर्धारित दंड दिये जाते हैं।

इस पहल से रेल यात्रियों में टिकट लेने की प्रवृत्ति बढ़ी है तथा रेलवे की आय में वृद्धि हेतु अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है। आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक सशक्त रूप में जारी रहेगा। पीआरआई सिंह ने बताया कि 21 मई को यह अभियान हाजीपुर से शीतलपुर रेल खंड के बीच जारी रहा, जहां रेल राजस्व की रक्षा एवं टिकटिंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जांच कार्य संचालित किया गया। बताया कि लाल गाड़ी अभियान का उद्देश्य न केवल रेलवे की आय में वृद्धि करना है, बल्कि यात्रियों में टिकटिंग व्यवस्था के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और रेलवे नियमों के पालन को सुनिश्चित करना भी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *