सोनपुर मंडल में मेगा टिकट जांच में वसूले गए ₹32.74 लाख जुर्माना

टिकट जांच में सोनपुर मंडल का अब तक का दूसरा सबसे उच्च प्रदर्शन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा बीते 19 मई को चलाए गए मेगा टिकट जांच अभियान में 4,817 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया। पकड़े गये बेटिकट यात्रियों से कुल ₹32,74,565 का जुर्माना वसूला गया। अभियान में टिकट जांच कर्मचारियों, वाणिज्यिक कर्मचारियों और अधिकारियों की समन्वित भागीदारी रही।

इस रेल मंडल का अब तक का यह दूसरा सबसे उच्च प्रदर्शन है। जानकारी के अनुसार इससे पूर्व, 29 अप्रैल को एक समान अभियान में 5,245 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया था और ₹36,17,790 का जुर्माना वसूला गया था, जो अब तक का सबसे उच्चतम आंकड़ा है।

सोनपुर रेल मंडल ने पिछले वर्ष फरवरी माह में ऑपरेशन ब्लैक बॉक्स की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य निगरानी को सशक्त बनाना और टिकट जांच प्रणाली को मजबूत करना है। तब से अब तक, मंडल ने इस क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

चालू वित्तीय वर्ष में अब तक सोनपुर मंडल टिकट जांच केमाध्यम से किया ₹6.70 करोड़ का राजस्व अर्जित

बताया जाता है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक सोनपुर रेल मंडल ने टिकट जांच के माध्यम से ₹6.70 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है और 1.04 लाख से अधिक बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा है। दैनिक औसत के आधार पर, सोनपुर मंडल का प्रत्येक टीटीई (यात्री टिकट परीक्षक) प्रतिदिन ₹7,470 का राजस्व अर्जित कर रहा है तथा औसतन 11.6 मामलों की बुकिंग कर रहा है, जो पूर्व मध्य रेल के सभी मंडलों में सर्वाधिक है।

इस सघन टिकट जांच के कारण वैध टिकट बिक्री में सकारात्मक वृद्धि देखी गई है। सोनपुर मंडल ने कुल ₹105.64 करोड़ की कोचिंग आय दर्ज की है, जिसमें से ₹32.51 करोड़ केवल अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) से प्राप्त हुए हैं। इसी तरह अनारक्षित टिकटों की बिक्री में वार्षिक आधार पर 8.29 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो पूर्व मध्य रेल के सभी मंडलों में सर्वाधिक है।

सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) रौशन कुमार ने टिकट जांच पर बल देते हुए 20 मई को एक भेंट में कहा कि, इस तरह के सघन टिकट जांच अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा, जिससे यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रेरित किया जा सके और राजस्व की हानि को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियानों की निरंतर सफलता सोनपुर रेल मंडल की राजस्व संरक्षण, वैध यात्रा को प्रोत्साहन तथा यात्रियों में अनुशासन लाने के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 46 total views,  46 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *