एस. पी. सक्सेना/धनबाद (झारखंड)। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बिबिएमकेयू) धनबाद में 20 मई को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नवनिर्मित बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा का किया अनावरण किया। यहां मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य के अगुवा, पुरोधा और मार्गदर्शक बिनोद बिहारी महतो के नाम पर स्थापित यह विश्वविद्यालय काफी कम समय में कई नए आयाम गढ़ रहा है।

जानकारी के अनुसार राज्यपाल- सह-कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय परिसर धनबाद में झारखंड आंदोलन के अगुवा, पुरोधा और मार्गदर्शक बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिनोद बिहारी महतो के नाम से स्थापित यह विश्वविद्यालय बहुत कम समय में कई नए आयाम गढ़ रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के क्षेत्र में यह विश्वविद्यालय तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम ने कहा कि झारखंड की भौगोलिक संरचना के मद्देनज़र यहां के रहिवासियों को अधिक से अधिक सुविधा मुहैया कराने के लिए उनकी सरकार कई कदम उठा रही है। इसी कड़ी में बिबिएमकेयू की स्थापना धनबाद जिले में की गई, ताकि यहां के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिल सके। आज यह विश्वविद्यालय पूरे राज्य की शोभा बढ़ा रहा है। यहां के विद्यार्थियों का भविष्य संवारने का काम यह विश्वविद्यालय बखूबी निभा रहा है।
सीएम सोरेन ने कहा कि झारखंड आंदोलन की उपज है। इसी वजह से यह राज्य शहीदों के नाम से जाना जाता है। इस राज्य के निर्माण में हमारे पूर्वजों का अहम योगदान रहा है। ऐसे में अपने शहीदों और आंदोलनकारियों को सम्मान देने की परंपरा हम निभाते रहे हैं। इसी कड़ी में कई संस्थानों का नामकरण यहां के शहीदों के नाम से किया गया है। धनबाद का बिबिएमकेयू भी इसी का परिचायक है। उन्होंने कहा कि राज्य के कई शहर – गांव, टोला- मोहल्ला और गली शहीदों के नाम से जाने जाते हैं।

यहां के चौक -चौराहों पर हमारे शहीदों, आंदोलनकारियों की लगी प्रतिमा यह बताने के लिए काफी है कि इस राज्य के निर्माण में उनका कितना अहम योगदान रहा है। हम अपने शहीदों एवं आंदोलनकारियों के सम्मान की खातिर उनके कार्यो को स्थापित करने की दिशा में निरंतर कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चाहे प्राथमिक शिक्षा हो या माध्यमिक अथवा उच्च शिक्षा। उनकी सरकार ने काफी कम समय में शिक्षा के क्षेत्र में जो बदलाव किए हैं, उसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे है।
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों के बीच इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे ही कई और बदलाव करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि और उसकी कमियों को दूर करने का प्रयास निरंतर जारी है।

मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार, सांसद सीपी चौधरी, विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह, मथुरा प्रसाद महतो, अरुप चटर्जी, चंद्रदेव महतो, राज सिन्हा, उमाकांत रजक, शत्रुघ्न महतो, जयराम महतो, झारखंड राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षा बेबी देवी, पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो समेत कई अन्य गणमान्य सहित बिबिएमकेयू धनबाद के कुलपति डॉ आर के सिंह धनबाद जिला उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक तथा विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी व् बड़ी संख्या में छात्रों की उपस्थिति रही।
![]()













Leave a Reply