अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। आगामी हरिहरक्षेत्र दीपोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियों का दौर तेज हो गया है। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित प्रसिद्ध नमामि गंगे घाट पर तीन लाख दीप प्रज्ज्वलित कर नारायणी मइया का भव्य दीप श्रृंगार किया जाएगा।
इससे पूर्व हरिहरनाथ मंदिर एवं गजेन्द्रमोक्ष मंदिर से यह ज्ञात होने के बाद कि इस वर्ष दीपावली आगामी 8 नवंबर को मनाया जाएगा, इससे एक दिन पूर्व 7 नवंबर को 3 लाख दीप जलाकर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उक्त आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप देने को लेकर 23 अगस्त को सोनपुर के नमामि गंगे दीपोत्सव घाट पर आयोजन समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कौशिक कुमार सिंह ने की। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष रंधीर कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
आयोजित बैठक में दीपोत्सव की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। साथ हीं कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इसी सप्ताह सोनपुर और निकटस्थ वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के प्रमुख चौक-चौराहों पर 10 बड़े होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। साथ ही, रसीद बुक, पर्चे, पैम्फलेट, लीफलेट और कूपन छपाई का कार्य भी इसी सप्ताह पूरा कर लिया जाएगा।
समिति सदस्य निशांत कुमार और बादल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सहयोग के लिए चार स्थानीय विद्यालयों तथा तीन कोचिंग संस्थानों को आमंत्रण पत्र भेजा जा चुका है। शेष संस्थानों को भी इस सप्ताह पत्र प्रेषित किया जाएगा। कहा गया कि हर वर्ष सैकड़ों की संख्या में युवा कारसेवक प्रबंधन और दीप प्रज्वलन में महत्वपूर्ण सेवाएं देते हैं।
उपरोक्त द्वारा कहा गया कि कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी पूर्व प्रशिक्षित कार्यसेवकों को प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने का निर्देश दिया गया है। इस वर्ष जुड़ने वाले नए कार्यसेवकों के लिए अलग से विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। कहा गया कि इस वर्ष कालीघाट पर वरिष्ठ नागरिकों एवं संरक्षक सदस्यों की देखरेख में विशेष व्यवस्था प्रबंधन और घाटों की आकर्षक दीप सजावट कराने का भी निर्णय लिया गया है।
बैठक में हरिहरक्षेत्र जन जागरण मंच के संस्थापक अनिल कुमार सिंह, महासचिव अमरनाथ तिवारी, स्वागताध्यक्ष श्याम सुंदर प्रसाद, कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा, सह कोषाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, सदस्य सतीश कुमार सिंह, कृष्णकांत सिंह, कमलदेव पांडेय, आयुष कुमार, निर्मलजी, शरमानन्द सिंह, योगेश कुमार, विशाल, राजु सिंह, राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा बाल सदस्य अवनी शर्मा, मानसी तिवारी, आस्था, दिशा शर्मा, धीरज सहित कई अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply