Advertisement

एनएच-23 पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार 407 की टक्कर से बाइक सवार की मौत

‎मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर परिजनों ने किया सड़क जाम

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। ​बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के दांतू के समीप एनएच-23 पर 27 अक्टूबर को दर्दनाक सड़क हादसा में बाइक सवार की मौत हो गयी।

बताया जाता है कि विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित 407 वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बालीडीह थाना क्षेत्र के धर्मपुरा रहिवासी 53 वर्षीय मनभूल सिंह (स्वर्गीय गुलाब सिंह के पुत्र) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है और ग्रामीणों व परिजनों में गहरा आक्रोश है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनभूल सिंह अपनी स्प्लेंडर बाइक से जैनामोड़ की ओर जा रहे थे। इस दौरान दांतू के समीप सामने से आ रहे एक 407 वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय रहिवासियों की भारी भीड़ जुट गई। भाजपा नेता मुरलीधर नायक समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कसमार पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और घटनास्थल से हटा दिया।

​ बताया जाता है कि ​घटना की सूचना पाकर जब मृतक के परिजन मौके पर पहुँचे और वहाँ शव नहीं मिला, तो वे बेहद आहत और परेशान हो गए। परिजनों के रोने-चीखने से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। पुलिस द्वारा बिना सूचना के शव को हटाने से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच-23 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। आक्रोशित भीड़ सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

​ झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता दीपक कुमार नायक ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दु:ख जताते हुए प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसियों के प्रति तीखा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनएच-23 पर वाहन चालकों की लापरवाही और बेलगाम रफ्तार के कारण लगातार ऐसे भीषण हादसे हो रहे हैं और आए दिन निर्दोष की जान जा रही है। प्रशासन और संबंधित विभाग को इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, संकेतक और कड़ी ट्रैफिक निगरानी जैसे सड़क सुरक्षा के पुख्ता उपाय करने चाहिए। कहा कि हमारी मांग है कि मृतक के पीड़ित परिवार को सरकार और प्रशासन की ओर से त्वरित आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा दिया जाए।

इधर ​सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के मुद्दों पर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता दीपक कुमार नायक, महेंद्र सिंह, केदारनाथ नायक, आजाद अंसारी सहित ग्रामीण आसपास के मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *