Advertisement

मुंबई में धूमधाम से मनी भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती

झारखंड स्थापना दिवस पर उमड़ा झारखंडवासियों का जनसैलाब

संजय उपाध्याय ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कराने का दिया आश्वासन

कार्यालय संवाददाता/मुंबई। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, जनजातीय गौरव दिवस और झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंडवासी परिवर्तन संघ (रजि.), मुंबई की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। 15 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में झारखंडवासी शामिल हुए। समारोह में झारखंड की संस्कृति, परंपरा, जनजातीय गौरव और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बोरीवली के विधायक संजय उपाध्याय थे। विशिष्ट अतिथियों में नगरसेविका श्वेता कोरगांवकर, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश प्रवक्ता पंकज मोदी, आरपीआई मुंबई अल्पसंख्यक अध्यक्ष राशिद अंसारी तथा सेलिब्रिटी अतिथि एवं गायिका नीलम नारायण उपस्थित रहीं। समारोह का प्रमुख आकर्षण विधायक संजय उपाध्याय का आश्वासन रहा। उन्होंने बोरीवली में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कराने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया। साथ ही आगामी वर्ष जयंती समारोह प्रतिमा स्थल पर आयोजित करने का प्रयास करने की बात कही। उनके इस आश्वासन का उपस्थित झारखंडवासी समाज ने स्वागत किया।

संगठन के पदाधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

कार्यक्रम की सफलता में झारखंडवासी परिवर्तन संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद आर्य, संरक्षक गणपत कोठारी, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष उमाशंकर मोदी, राष्ट्रीय संगठन सचिव मनोज कुमार, राष्ट्रीय महासचिव तुलसी यादव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुनील आर्य, जनसंपर्क अधिकारी जय साहा और सलाहकार विशाल बर्नवाल ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संरक्षक गणपत कोठारी और रामकुमार पाल के मार्गदर्शन एवं सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

झारखंड की संस्कृति और एकजुटता का दिखा रंग

समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदिवासी समाज के अधिकारों और झारखंड की पहचान को याद किया गया। कार्यक्रम ने मुंबई में रहने वाले झारखंडवासियों को अपनी मातृभूमि, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का संदेश दिया। अंत में झारखंडवासी परिवर्तन संघ की ओर से सभी अतिथियों, कलाकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, सहयोगियों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Tegs: #151st birth anniversary of Bhagwan Birsa Munda celebrated with great fervor in Mumbai

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *