प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार एवं जरीडीह प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था एवं सूर्योपासना की चार दिवसीय महापर्व छठ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा-भक्ति एवं पवित्रता के माहौल में शुरू हो गया।
इस अवसर पर पेटरवार प्रखंड के पेटरवार, बुंडू, कोह, उत्तासारा, चांदो, चांपी, खेतको, चलकरी, अंगवाली, पिछरी सहित कई पंचायत क्षेत्रों में तथा जरीडीह प्रखंड के बांधडीह, बारू, बहादुरपुर, बाराडीह, चीलगड्डा, बालीडीह, जैनामोड, तांतरी, तुपकाडीह, अरालडीह, करहरिया, मोहनपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में छठव्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व का शुभारंभ किया।
छठव्रती महिलाओं ने इस अवसर पर पारंपरिक लोकगीत गाते हुए तालाबों एवं नदियों में स्नान किया। इसके बाद घरों में शुद्धता एवं पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हुए चावल, कद्दू और चने की दाल सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किया। छठ व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को प्रसाद अर्पित करने के बाद स्वयं प्रसाद ग्रहण किया।
नहाय-खाय के साथ ही घरों में छठी मैया की आराधना और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। चार दिवसीय इस महापर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर को छठव्रती खरना का व्रत करेंगी। खरना के दिन शाम को पूजा- अर्चना के बाद गुड़ की खीर एवं रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसके साथ ही छठव्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।
वहीं, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा तथा 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद छठव्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगी। बताते हैं कि इस वर्ष उपरोक्त प्रखंडो के कई पंचायत में विभिन्न जाति के रहिवासियों के यहां मृत्यु छुतका दोष के कारण ज्यादा संख्या में व्रत नहीं किया जा रहा है।
![]()













Leave a Reply