प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया-होसिर मुख्य मार्ग में सीमेंट लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। घटना के बाद मौके से चालक एवं खलासी गायब बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गोमिया थाना क्षेत्र के गोमिया-होसिर मुख्य सड़क पर 30 अगस्त को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उक्त मार्ग पर भीष्मा मेमोरियल नर्सिंग होम के समीप सीमेंट से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक-JH02AP/1932 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, किन्तु किसी के हताहत होने की सूचना नही है।
बताया जाता है कि ट्रक टाटा (जमशेदपुर) से सीमेंट लोड कर गोमिया की ओर आ रहा था। गोमिया बाजार के किसी सीमेंट दुकान में उसे अनलोड होना था। जैसे ही ट्रक भीष्मा मेमोरियल नर्सिंग होम के समीप पहुंचा कि अचानक किसी तकनीकी खराबी या तेज गति के कारण चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। ट्रक सड़क से नीचे उतरकर सीधे खेत में जाकर पलट गया।
ट्रक के पलटते ही सीमेंट की बोरियां बिखर गईं और ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय रहिवासी मौके पर दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस समय उक्त हादसा हुआ, उस समय सड़क पर छात्र-छात्राओं और राहगीर की गुजर रहे थे। गनीमत रही कि ट्रक की चपेट में कोई नहीं आया, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। रहिवासियों के अनुसार घटना के तुरंत बाद ट्रक का चालक और उपचालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय रहिवासियों ने घटना की सूचना गोमिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोमिया थाना के एसआई अरुण कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक-खलासी की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
![]()













Leave a Reply