विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के चुट्टे पंचायत में खेत बचाओ अभियान के तहत 26 अक्टूबर को किसान गोष्ठी आयोजित किया गया। गोष्ठी में उपस्थित किसानों को मिट्टी के उर्बरा के प्रति जागरूक किया गया।
जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में चुटे पंचायत में खेत बचाओ अभियान के तहत किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में किसानों को मिट्टी नमूना संग्रह एवं मिट्टी की जांच, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान समृद्धि योजना, कुसुम योजना तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक बबलू सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेत बचाओ अभियान बीते 22 अक्टूबर से आगामी 30 नवंबर तक प्रखंड की सभी पंचायतों में चलाया जाएगा। कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा भविष्य में टिकाऊ और सुरक्षित कृषि को बढ़ावा देना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करें और अधिक से अधिक जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाएं। इससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ-साथ फसल की गुणवत्ता और मानव स्वास्थ्य का भी संरक्षण किया जा सकेगा।
गोष्ठी कार्यक्रम के दौरान किसानों को मिट्टी का नमूना सही तरीके से लेने तथा उसकी जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं पात्रता के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया। मौके पर पंचायत के पूर्व मुखिया उपेंद्र महतो, किसान मित्र लता देवी, किसान आशा देवी, यशोदा देवी, फुलेश्वरी देवी, रेखा देवी, गीता देवी, चिंतामणि महतो, डोमन महतो, महावीर महतो, द्वारका महतो, टुकन महतो सहित दर्जनों किसान उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply