बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुर्गा एवं गमछा से किया गया सम्मानित
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सोहराय पर्व के अवसर पर बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत डुंडाडीह गांव में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भव्य बूढ़ी बंदना मेला का आयोजन किया गया। मेले में ग्रामीण संस्कृति, आदिवासी परंपरा और पशुधन के प्रति रहिवासियों की आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैलों के आकर्षक सजावट और शानदार प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
ज्ञात हो कि, सोहराय पर्व झारखंड की पारंपरिक संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पर्व में पशुधन के प्रति सम्मान और उनके योगदान को विशेष महत्व दिया जाता है। बूढ़ी बंदना मेला के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी पुरानी परंपरा को जीवंत रखने का संदेश दिया। मेले में बैलों के प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
आयोजन में प्रथम स्थान गुप्तेश्वर महतो, द्वितीय स्थान बासुदेव महतो, तृतीय स्थान रिखिलाल महतो तथा चौथा स्थान नंदलाल महतो ने प्राप्त किया। वहीं राजेंद्र महतो एवं सोहराई महतो के बैलों ने भी काफी शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की। सभी चयनित प्रतिभागियों को मुर्गा एवं पीला गमछा देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय मुखिया अमरेश कुमार महतो ने कहा कि सोहराय और बूढ़ी बंदना मेला हमारी ग्रामीण एवं सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पुरानी परंपराओं, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी हैं। गांव की संस्कृति और विरासत को बचाए रखने के लिए नई पीढ़ी को भी ऐसे आयोजनों से जोड़ना जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन की रूपरेखा तैयार करने में संदीप कुमार महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर पंचायत समिति पति सनातन महतो, लाल किशोर महतो, भीम प्रसाद महतो, चकेश्वर महतो, नागेश्वर महतो, धनेश्वर महतो, मनोज महतो, परमेश्वर महतो, रिखिलाल, संजय, राजेंद्र महतो, डब्लू महतो, संतोष महतो, मंसू, सुनील समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply