Advertisement

सीसीएल मुख्यालय में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक संपन्न

उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए क्षेत्रों एवं विभागों को किया गया सम्मानित

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस में 11 नवंबर को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने की।

सीसीएल के सीसीपीआर के अनुसार आयोजित बैठक में मुख्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधकगण, राजभाषा नोडल अधिकारी तथा सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। तत्पश्चात उप-प्रबंधक (राजभाषा) दिविक दिवेश द्वारा गत तिमाही में संचालित राजभाषा कार्यक्रमों, योजनाओं एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। तिमाही प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग, प्रगति एवं सुधार के विभिन्न पहलुओं की समग्र समीक्षा की गई।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि राजभाषा हिंदी हमारी कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के साथ-साथ विचारों और सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि हमें हिंदी को केवल राजभाषा संबंधी औपचारिकताओं तक सीमित न रखते हुए अपने दैनिक कार्यों और व्यवहार का स्वाभाविक हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राजभाषा हिंदी के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए इसके निरंतर और प्रभावी प्रयोग का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की सशक्त अभिव्यक्ति है। हम अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को अपनाते हुए इसे सरल, सहज और व्यवहारिक बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

बैठक के दौरान विगत तिमाही में राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन, नवाचार एवं अनुकरणीय प्रयासों के लिए विभागों को सम्मानित किया गया। बैठक का समापन राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन को और अधिक सुदृढ़ करने तथा संगठन में हिंदी के प्रयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया। धन्यवाद ज्ञापन दिविक दिवेश ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *