Advertisement

सांसद के पहल से सारण जिला के तीन बाजारों को मिलेगी जाम से राहत

डीएम ने तीनों बाईपास स्थल निरीक्षण व डीपीआर तैयार करने का दिया निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। समाज व् देश की प्रगति का प्रथम सोपान है सड़क। इसी मूलमंत्र के साथ सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की पहल पर जिले में सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिले के तीन प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नए बाईपास निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सांसद रूडी द्वारा बीते माह 30 अक्टूबर को जिलाधिकारी (डीएम) सारण को प्रेषित पत्र के बाद डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, सोनपुर को तीनों प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय से बीते 2 नवंबर को पत्र जारी किया गया है।

बताया जाता है कि सांसद द्वारा सुझाए गए तीन स्थानों में सारण जिला के हद में डेरनी-बेला फैक्ट्री के निकट एनएच-73 की ओर बाईपास निर्माण, मढ़ौरा बाजार में यातायात दबाव कम करने के लिए बाईपास तथा डेरनी बाजार में सुगम आवागमन के लिए बाईपास निर्माण शामिल है। डीएम ने संबंधित अभियंता को तीनों स्थलों का स्थल निरीक्षण करने, आवश्यक भूमि की उपलब्धता एवं भू-अर्जन की स्थिति का आकलन करने तथा प्रत्येक बाईपास का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति के लिए विभाग को भेजने का निर्देश दिया है।

इस संबंध में सांसद रूडी ने 18 नवंबर को कहा कि सारण जिला में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पहले से स्वीकृत हैं। इनमें गड़खा बाईपास और परसा बाईपास शामिल हैं। इसके साथ ही रिविलगंज-बिशुनपुरा फोरलेन बाईपास की परियोजना भी महत्वपूर्ण है। वहीं, छपरा बाईपास के एनएच-19 खंड में तीन अतिरिक्त लेन के निर्माण का कार्य भी परियोजना का हिस्सा है। इसके अलावा छपरा बाईपास से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क तथा अमनौर बाईपास सहित अन्य सड़क योजनाएं भी क्रियान्वित हैं।

उन्होंने कहा कि इन्हीं परियोजनाओं की कड़ी में डेरनी-बेला फैक्ट्री के निकट एनएच-73 की ओर, मढ़ौरा बाजार और डेरनी बाजार में भी बाईपास निर्माण के प्रस्ताव आगे बढ़ाए जा रहे हैं। कहा कि तरैया और मशरख में भी बाईपास निर्माण का प्रस्ताव है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद रूडी ने कहा कि इन सभी सड़क एवं बाईपास परियोजनाओं के पूरा होने से सारण के प्रमुख बाजारों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। इससे स्थानीय रहिवासियों, व्यापारियों और दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *