Advertisement

मेला की तैयारियों का अधिकारीयों ने लिया जायजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम की मांग

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला आगामी 22 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए 18 नवंबर की शाम लगभग चार बजे जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार प्रशासनिक टीम के साथ बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। उनके साथ सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी स्नेहा, अनुमंडल के वरीय पुलिस पदाधिकारी समेत कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।

मेला क्षेत्र निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसी क्रम में जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला से मुलाकात कर मेले की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया।

वार्ता के दौरान न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने जिलाधिकारी के समक्ष एक महत्वपूर्ण मांग रखी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर स्थित रामायण मंचन के मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन अभी मेले के अंतिम चरण में ही होता है, जबकि पूरे मेले की अवधि में इसका आयोजन नहीं हो पाता। उन्होंने अनुरोध किया कि श्रद्धालुओं की समुचित सेवा और भक्तिमय माहौल बनाए रखने के लिए इस मंच पर पूरे एक माह तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। सचिव की मांग को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया और इसे उचित मानते हुए इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *