Advertisement

संस्कृत भारती की प्रतियोगिताओं में डीपीएस बोकारो के छात्रों का सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। संस्कृत भारती बोकारो के तत्वावधान में आयोजित अंतर-विद्यालय स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं में डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया। श्लोक पाठ के शिशु वर्ग में अदीव आर्यन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नव्या सिंह व आहना चौधरी ने द्वितीय तथा सम्यक सिंह व सिद्धार्थ भूषण ने तृतीय स्थान हासिल किया। श्लोक पाठ के किशोर वर्ग में राविका झा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं अक्ष चन्द्र व परणिद्या कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पाया।

इस अवसर पर आयोजित संस्कृत भाषण प्रतियोगिता के तरुण वर्ग में अवनी अनन्या पांडेय ने प्रथम तथा नम्या पांडेय ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। सामूहिक विधाओं में भी डीपीएस का वर्चस्व रहा। विद्यालय की टीम ने समूह गान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तथा समूह भाव नृत्य में द्वितीय स्थान हासिल किया।

इसके अतिरिक्त, कूट प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी कुशाग्र बुद्धि का परिचय देते हुए किशोर वर्ग में प्रथम स्थान तथा तरुण वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। उक्त प्रतियोगिताएं विभिन्न स्कूलों में पूर्व में आयोजित की गई थीं। इसके पश्चात 30 अगस्त को डीपीएस बोकारो के प्रांगण में आयोजित संस्कृत दिवस समारोह के दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ ए एस गंगवार तथा मुख्य वक्ता कामेश्वर सिंह, दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ चंद्रकांत शुक्ल ने संयुक्त रूप से विजेताओं को पुरस्कृत किया।

मौके पर डॉ गंगवार ने अपने संबोधन में विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी तथा संस्कृत से जुड़ाव पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृति कई भाषाओं की जननी है। इसमें विज्ञान, गणित और जीवन जीने की कला छिपी है। डॉ शुक्ला ने संस्कृत को राष्ट्रभाषा बनाए जाने संबंधी संविधान सभा की बैठक के ऐतिहासिक प्रसंग की चर्चा करते हुए इस भाषा को जनगणना में ज्ञात भाषा के रूप में दर्ज कराए जाने की आवश्यकता बताई। समारोह के अतिविशिष्ट अतिथि गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय के अलावा संस्कृत भारती के पदाधिकारीगण तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व प्रतिभागी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *