Advertisement

संविधान बदलने की मंशा रखनेवालो को गौरव दिवस मनाने का अधिकार नही-नायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। बाबा साहेब के संविधान को बदलने की मंशा रखने वाली भाजपा को संविधान गौरव दिवस मनाने का नैतिक अधिकार नही है। संविधान को बदलने की पैरवी करने वाली भाजपा किस मुंह से मनाएगी संविधान गौरव दिवस। आज संविधान विरोधी भाजपा संविधान के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाकर देश की जनता को गुमराह कर, बाबा साहेब के नाम पर संविधान गौरव का ढोंग और राजनीतिक पाखंड की पराकाष्ठा कर रही है, जिसे देश की जनता देख रही है।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने भाजपा द्वारा 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाने की घोषणा पर 24 नवंबर को तीखा हमला करते हुए कहा कि संविधान बदलने की बात करने वाली भाजपा नेताओं के बयानों का हिसाब दिए बिना संविधान गौरव का आयोजन करना एक मात्र राजनितिक ढोंग और राजनीतिक पाखंड की पराकाष्ठा कर अपने खोये दलित आदिवासी पिछड़े अल्पसंख्यक वोटो को भरमाने की कोशिश मात्र भर है, जो इनका सपना पूरा नही होगा।

नायक ने कहा कि देश के दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा संविधान की मूल भावना है। सामाजिक न्याय, आरक्षण, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता और नागरिकों के मताधिकार का सम्मान किए बिना संविधान गौरव की बात अधूरी है।

उन्होंने उदहारण देते हुए कहा कि वर्ष 2000 में संविधान समीक्षा आयोग का गठन के लिए तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने न्यायमूर्ति एम.एन. वेंकटचलैया की अध्यक्षता में संविधान की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय आयोग गठित किया था। दिसंबर 2017 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने कर्नाटक में सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि उनकी पार्टी संविधान बदलने के लिए सत्ता में आई है और इसे बदला जाएगा। कहा कि अगस्त 2018 में दिल्ली के संसद मार्ग पर प्रदर्शन के दौरान संविधान की प्रति जलाए जाने और बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के खिलाफ नारे लगाए जाने की घटना सामने आई थी।

भाजपा को बताना चाहिए कि संविधान और बाबा साहेब के अपमान के विरुद्ध उसकी राजनीतिक और वैचारिक प्रतिक्रिया क्या थी? उन्होंने कहा कि अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के तत्कालीन अध्यक्ष बिबेक देबरॉय ने नए संविधान की आवश्यकता पर लेख लिखा था। मार्च 2024 में अनंत कुमार हेगड़े का दोबारा बयान था कि उन्होंने संविधान में बदलाव के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता की बात कही और कांग्रेस द्वारा किए गए संवैधानिक संशोधनों पर सवाल उठाए।

उनके इस बयान ने 400 पार के नारे को लेकर भी देश में बहस पैदा की। मार्च 2024 में राजस्थान के नागौर से भाजपा प्रत्याशी ज्योति मिर्धा ने चुनावी सभा में कहा था कि देशहित में कठोर फैसलों के लिए संवैधानिक बदलाव करने पड़ते हैं और इसके लिए संसद के दोनों सदनों की सहमति जरूरी होती है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कहा कि संविधान संशोधन भारतीय लोकतंत्र की संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन सवाल है कि जब भाजपा के अपने नेताओं ने संविधान में व्यापक बदलाव और उसकी मूल भावना से जुड़े प्रावधानों पर सवाल उठाए, तब भाजपा की राजनीतिक और वैचारिक प्राथमिकताएं क्या थीं? आज उसी पार्टी का संविधान गौरव दिवस मनाना स्वाभाविक रूप से जवाबदेही की मांग करता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल बाबा साहेब की तस्वीर के सामने पुष्प अर्पित करने और संविधान की पुस्तक हाथ में लेकर तस्वीर खिंचवाने से अपनी जिम्मेदारी पूरी मानने का अधिकार नहीं है। कहा कि संविधान का सम्मान भाषणों और आयोजनों से नहीं, बल्कि उसके मूल आदर्शों यथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के प्रति प्रतिबद्धता से साबित होता है।

नायक ने कहा कि संविधान किसी राजनीतिक दल की चुनावी संपत्ति नहीं, बल्कि 140 करोड़ से अधिक भारतीयों के लोकतांत्रिक अधिकारों और सम्मान का आधार है। कांग्रेस पार्टी संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की विचारधारा, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संविधान और नागरिक अधिकारों से जुड़े सवालों पर कांग्रेस सड़क से संसद तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *