एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) एवं अति पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्र-छात्राओं को ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026-27 के ऑनलाइन आवेदन में हो रही परेशानियों को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के प्रदेश सह सचिव सह ई-कल्याण छात्रवृत्ति महा आंदोलन के नेतृत्वकर्ता अफजल दुर्रानी ने चिंता व्यक्त की है।
छात्र नेता दुर्रानी ने 24 नवंबर को झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन की तिथि कम-से-कम 30 दिनों तक बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने विभाग को पत्र भेजकर छात्र-छात्राओं की समस्याओं से अवगत कराया है।
एआईएसएफ प्रदेश सह सचिव सह ई-कल्याण छात्रवृत्ति महा आंदोलन के नेतृत्वकर्ता दुर्रानी ने कहा कि झारखंड में वर्तमान में एसआईआर कार्य के कारण अंचल कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी काफी व्यस्त हैं।
इसके चलते जाति प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त करने में काफी देरी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026–27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में जिन छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बन पाए हैं, वे चाहकर भी छात्रवृत्ति के लिए अपना आवेदन जमा नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा जारी रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। झारखंड के हजारों विद्यार्थी छात्रवृत्ति पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में सरकारी कार्यालयों में प्रमाण पत्र बनने में हो रही देरी का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। यदि आवेदन की तिथि नहीं बढ़ाई गई तो बड़ी संख्या में पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से वंचित हो सकते हैं।
दुर्रानी ने कहा कि एसआईआर कार्य अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके कारण विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं और छात्रवृत्ति से जुड़े मामलों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। अंचल कार्यालयों में प्रमाण पत्र बनने में हो रही देरी विद्यार्थियों की गलती नहीं है। इसलिए विभाग को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए छात्र-छात्राओं को अतिरिक्त समय उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने विभाग से मांग की है कि झारखंड के एसटी, एससी एवं ओबीसी तीनों वर्गों के विद्यार्थियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026–27 के ऑनलाइन आवेदन की तिथि कम-से-कम 30 दिनों के लिए बढ़ाई जाए, ताकि जिन विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बन पाए हैं, उन्हें आवश्यक दस्तावेज तैयार करने और छात्रवृत्ति के लिए आवेदन जमा करने का पर्याप्त अवसर मिल सके।
दुर्रानी ने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों का अधिकार है, कोई एहसान नहीं। सरकार एवं संबंधित विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि केवल प्रमाण पत्र बनने में हो रही प्रशासनिक देरी के कारण झारखंड का कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।
![]()













Leave a Reply